Varanasi News: ऑपरेशन सिंदूर पर PM मोदी ने कांग्रेस और सपा पर साधा निशाना, बोले- शिव का एक रौद्र रूप भी है
Varanasi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि शिव का एक रूप कल्याण है तो दूसरा रौद्र रूप है, और दुनिया ने भारत का यही रूप ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देखा है।
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर कुछ लोगों को हो रहा पेट दर्द
पीएम मोदी ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर देश में कुछ लोगों को पेट में दर्द हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उनके सहयोगी इस बात को पचा नहीं पा रहे हैं कि भारत ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया।
उन्होंने कहा, उधर आतंक का आका रोता है, इधर कांग्रेस, सपा वाले आतंकियों की हालत देखकर रोते हैं। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर सेना के पराक्रम का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को तमाशा बताया। उन्होंने पूछा, क्या सिंदूर कभी तमाशा हो सकता है?

सपा पर भी साधा निशाना
प्रधानमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सपा के नेता संसद में पूछ रहे थे कि पहलगाम के आतंकवादियों को अभी क्यों मारा गया? उन्होंने सपा पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि ये वही लोग हैं जो उत्तर प्रदेश में सत्ता में रहते हुए आतंकियों को क्लीन चिट देते थे।
बेटियों के सिंदूर का बदला पूरा हुआ
पीएम मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद वह पहली बार काशी आए हैं। उन्होंने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले को याद करते हुए कहा, मैंने अपनी बेटियों के सिंदूर का बदला लेने का जो वचन दिया था वह भी पूरा हुआ है। ये महादेव के आशीर्वाद से ही संभव हुआ है। इस कार्यक्रम के दौरान, पीएम मोदी ने 9.7 करोड़ किसानों के खातों में 20,500 करोड़ रुपये से अधिक की ‘पीएम किसान सम्मान निधि’ की 20वीं किस्त भी जारी की।
Also Read: मालेगांव ब्लास्ट के गवाह का खुलासा, योगी आदित्यनाथ का नाम लेने के लिए एटीएस ने बनाया था दबाव

