ट्रंप से बोले पीएम मोदी, तीसरे पक्ष की जरूरत नहीं, भारत अपनी लड़ाई खुद लड़ना जानता है
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हाल ही में करीब 35 मिनट तक फोन पर अहम बातचीत हुई। इस बातचीत में प्रधानमंत्री मोदी ने साफ शब्दों में कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच किसी भी मुद्दे पर भारत ने कभी किसी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता को स्वीकार नहीं किया है और न ही भविष्य में करेगा।
यह बात पीएम मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से तब कही, जब बात भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर और सैन्य कार्रवाइयों की चर्चा पर आई। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने मीडिया को बताया कि यह बातचीत ट्रंप के आग्रह पर हुई थी। दरअसल, कनाडा में प्रस्तावित G-20 शिखर सम्मेलन में दोनों नेताओं की मुलाकात होनी थी, लेकिन ट्रंप को समय से पहले अमेरिका लौटना पड़ा, जिससे मुलाकात टल गई। इसके बाद फोन पर यह संवाद हुआ।
ऑपरेशन सिंदूर पर भी हुई चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्रंप को ऑपरेशन सिंदूर के बारे में पूरी जानकारी दी और बताया कि यह भारत की आतंकवाद के खिलाफ सख्त नीति का हिस्सा है। मोदी ने स्पष्ट किया कि 6-7 मई की रात को की गई सैन्य कार्रवाई केवल आतंकवादी ठिकानों पर केंद्रित थी और इसका मकसद आम नागरिकों को नुकसान पहुंचाना नहीं था। मोदी ने ट्रंप को बताया कि भारत अब आतंकवाद को सिर्फ एक छिपे हुए खतरे (प्रॉक्सी वॉर) की तरह नहीं, बल्कि खुले युद्ध की तरह देखता है, और इसी सोच के तहत ऑपरेशन सिंदूर अभी भी जारी है।
पाकिस्तान को दी चेतावनी
विदेश सचिव के अनुसार, 9 मई की रात अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने प्रधानमंत्री मोदी को फोन कर बताया था कि पाकिस्तान भारत पर बड़ा हमला करने की योजना बना रहा है। जवाब में पीएम मोदी ने कहा कि अगर ऐसा होता है, तो भारत उसका जवाब और भी ज़्यादा कड़ा देगा। इसके बाद 9-10 मई की रात को भारत ने पाकिस्तान के हमले का प्रभावी जवाब दिया, जिसमें पाकिस्तानी सेना को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
Also Read: बुलंदशहर में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार पलटी, आग लगने से एक ही परिवार के 5 लोग जिंदा जले

