पीएम मोदी ने शिगेरू इशिबा के साथ बुलेट ट्रेन में किया सफर
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दो दिवसीय जापान यात्रा के दौरान 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं। यह दौरा दोनों देशों के बीच बढ़ती रणनीतिक साझेदारी और सहयोग का एक बड़ा उदाहरण है।
शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी ने अपने जापानी समकक्ष शिगेरू इशिबा के साथ बुलेट ट्रेन में सफर करते हुए टोक्यो से सेंडाई तक की यात्रा की। इस सफर की तस्वीरें जापानी प्रधानमंत्री ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा कीं।
यात्रा के दौरान दोनों नेताओं ने जेआर ईस्ट में प्रशिक्षण ले रहे भारतीय रेल चालकों से भी मुलाकात की। जापानी पीएम ने एक्स पर एक पोस्ट में भारतीय चालकों का अभिवादन करते हुए लिखा, जेआर ईस्ट में प्रशिक्षण ले रहे भारतीय रेल चालकों से मेरा नमस्कार।
भारत में भी तेजी से चल रहा बुलेट ट्रेन का काम
भारत में भी मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना पर तेजी से काम हो रहा है। यह परियोजना भारत और जापान की साझेदारी का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट मानी जाती है। आने वाले कुछ सालों में यह सेवा शुरू होने की उम्मीद है। भारत का लक्ष्य देश में लगभग 7,000 किलोमीटर का हाई-स्पीड रेल नेटवर्क बनाना है, जिसमें से अधिकतर ‘मेक इन इंडिया’ के तहत विकसित किया जाएगा। इसी योजना के तहत, भारतीय लोको पायलटों को जापान भेजा गया है, जहाँ वे बुलेट ट्रेन चलाने की उन्नत तकनीक और संचालन का प्रशिक्षण ले रहे हैं।
Also Read: दिल्ली में पुलिस का एनकाउंटर, ATM लुटेरा और ऑटो लिफ्टर पप्पू मेवाती गिरफ्तार

