पीएम मोदी की बड़ी चेतावनी, मध्य पूर्व का युद्ध और वैश्विक अस्थिरता दुनिया को दोबारा गरीबी में धकेल देगी

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक हालातों पर गहरी चिंता जताते हुए एक बड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि मध्य पूर्व (मिडल ईस्ट) में जारी युद्ध और दुनिया भर में बनी अस्थिरता पिछले कई दशकों में हुए विकास को पूरी तरह पलट सकती है, जिससे दुनिया की एक बहुत बड़ी आबादी दोबारा गरीबी के दलदल में फंस सकती है। नीदरलैंड्स के हेग शहर में भारतीय प्रवासी समुदाय (डायस्पोरा) के एक भव्य कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज पूरी दुनिया कोरोना महामारी के बाद के दुष्प्रभावों, लगातार जारी युद्धों और ऊर्जा संकट (एनर्जी क्राइसिस) के कारण एक अत्यंत चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रही है।

संकटों का दशक बनता जा रहा है यह समय: प्रधानमंत्री

मंच से प्रवासियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, पहले कोरोना महामारी आई, फिर भीषण युद्ध छिड़ गए और अब वैश्विक स्तर पर ऊर्जा का संकट खड़ा हो गया है। यह दशक पूरी दुनिया के लिए संकटों का काल बनता जा रहा है। अगर समय रहते वैश्विक स्थितियां नहीं सुधरीं, तो बीते दशकों में इंसानों ने जो बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं, वे सब मिट सकती हैं। इसके चलते वैश्विक आबादी का एक बड़ा हिस्सा फिर से घोर गरीबी के जाल में समा सकता है।

इस संकट से उबरने का रास्ता बताते हुए पीएम मोदी ने एक लचीली, सुरक्षित और भरोसेमंद ग्लोबल सप्लाई चेन (वैश्विक आपूर्ति प्रणाली) के निर्माण की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में भारत और नीदरलैंड्स मिलकर एक पारदर्शी और विश्वसनीय सप्लाई चेन बनाने के लिए कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रहे हैं।

16 मई का ऐतिहासिक कनेक्शन और भारत का आर्थिक बदलाव

भाषण के दौरान प्रधानमंत्री भावुक भी हुए। उन्होंने प्रवासी भारतीयों द्वारा डच समाज में दिए जा रहे योगदान और अपनी सांस्कृतिक जड़ों को बचाए रखने की जमकर तारीफ की। तारीख का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, आज 16 मई है और यह दिन भारतीय लोकतंत्र के लिए बेहद खास है। ठीक बारह साल पहले यानी 16 मई 2014 को लोकसभा चुनाव के नतीजे आए थे, जिसने देश में एक स्थिर बहुमत वाली सरकार की नींव रखी थी।

देश के करोड़ों नागरिकों का यही भरोसा मुझे बिना थके और बिना रुके लगातार काम करने की ऊर्जा देता है। उन्होंने बताया कि बीते एक दशक के आर्थिक सुधारों के दम पर आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है और इनोवेशन, मैन्युफैक्चरिंग व ग्रीन एनर्जी का ग्लोबल हब बनकर उभर रहा है।

क्रिकेट और हॉकी के जरिए समझाया खेल कूटनीति का रिश्ता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों देशों के बीच मजबूत खेल संबंधों का भी विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत में आयोजित टी20 क्रिकेट विश्व कप में डच टीम का प्रदर्शन सराहनीय रहा। पीएम ने कहा, जिस प्रकार भारतीय खिलाड़ियों और कोचों ने डच क्रिकेट को आगे बढ़ाने में मदद की है, ठीक उसी तरह नीदरलैंड्स ने भी भारतीय हॉकी को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने भारतीय महिला हॉकी टीम के पूर्व डच कोच स्जोर्ड मारिजने का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन ने भारत में महिला हॉकी के विकास को एक नई दिशा दी है।

Also Read: प्रतीक यादव की अस्थियां गंगा में विसर्जित, बाबा रामदेव भी रहे मौजूद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.