पीएम मोदी का ममता सरकार पर बड़ा प्रहार, घुसपैठियों को बचाने के लिए SIR का विरोध कर रही है टीएमसी
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में एक रैली के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर तीखा हमला बोला। पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि बंगाल की सरकार घुसपैठियों को संरक्षण दे रही है और इसीलिए वह मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन (SIR) के खिलाफ खड़ी है।
ताहेरपुर में फोन के जरिए रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने भावुक अपील की। उन्होंने कहा, आप मोदी का विरोध कर सकते हैं, लेकिन बंगाल की भोली-भाली जनता को नाराज न करें। उनके अधिकारों को न छीनें और उनके सपनों को चकनाचूर करने का पाप न करें। पीएम ने हैरानी जताते हुए कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि आखिर टीएमसी सरकार राज्य के विकास कार्यों में अड़ंगा क्यों लगा रही है।
उन्होंने हाथ जोड़कर बंगाल की जनता से विनती की कि वे राज्य में भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और ‘महाजंगल राज’ को खत्म करने के लिए भाजपा को एक मौका दें। प्रधानमंत्री ने टीएमसी को चुनौती देते हुए कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों ने साफ कर दिया है कि जनता अब तुष्टीकरण की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने दावा किया कि बिहार के परिणामों ने पश्चिम बंगाल में भी भाजपा की जीत के दरवाजे खोल दिए हैं।
रैली से पहले पीएम मोदी ने राणाघाट में करीब 3,200 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। बरजागुली से कृष्णानगर और बारासात से बरजागुली तक के खंडों को फोर-लेन किया जाएगा। पीएमओ के मुताबिक, इन सड़कों के बनने से कोलकाता और सिलीगुड़ी के बीच यात्रा का समय 2 घंटे कम हो जाएगा। इन परियोजनाओं से न केवल कनेक्टिविटी सुधरेगी, बल्कि इलाके में पर्यटन और व्यापार को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
Also Read: केशव प्रसाद मौर्य का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, बोले- अब गुंडों के दम पर नहीं चलेगी राजनीति

