अयोध्या में रामविवाह के पावन अवसर पर पीएम मोदी करेंगे राम मंदिर के पूर्ण निर्माण की घोषणा, शिखर पर फहराएंगे ध्वज
Ayodhya News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को रामविवाह के पावन अवसर पर अयोध्या में राम मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण कर राम मंदिर निर्माण के पूर्ण होने की ऐतिहासिक घोषणा करेंगे। पीएम मोदी इस महत्वपूर्ण अवसर पर अयोध्या में लगभग साढ़े चार घंटे रहेंगे। जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी का विशेष विमान मंगलवार सुबह 9 बजकर 35 मिनट पर महर्षि बाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरेगा।
यह ऐतिहासिक ध्वजारोहण कार्यक्रम मंगलवार को सुबह 11 बजकर 55 मिनट पर होगा। प्रधानमंत्री मोदी के कर कमलों से राम मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण किया जाएगा और इसी के साथ वह राम मंदिर निर्माण के पूर्ण होने की घोषणा करेंगे।
इस स्वर्णिम क्षण के साक्षी बनने के लिए 6000 से अधिक आमंत्रित अतिथि, निर्माण कार्य में लगे 1200 से अधिक इंजीनियर और सहयोगी कर्मचारी, 600 से अधिक स्वयंसेवक तथा 1000 से अधिक सुरक्षाकर्मी मौजूद रहेंगे। ध्वजारोहण से पहले प्रधानमंत्री राम जन्मभूमि मंदिर परिसर में स्थित सप्त ऋषि मंदिर में विधि-विधान से पूजन भी करेंगे।

राज्यपाल और सीएम योगी करेंगे स्वागत
अयोध्या एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का स्वागत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, प्रदेश महामंत्री संजय राय, प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही और दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक करेंगे। एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री सेना के विशेष हेलीकॉप्टर से राममंदिर के पास स्थित कामता प्रसाद सुंदर लाल साकेत महाविद्यालय परिसर में बने हेलीपैड पर उतरेंगे। हेलीपैड पर उनका स्वागत प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
इसके बाद पीएम मोदी का काफिला रामपथ से राममंदिर के लिए प्रस्थान करेगा। रामपथ के दोनों तरफ मौजूद अयोध्या के संत, धर्माचार्य, बटुक पुरोहित, व्यापारी और भाजपा कार्यकर्ता तिरंगा, भगवा ध्वज, शंखनाद, स्वस्ति वाचन और पुष्पवर्षा से प्रधानमंत्री का भव्य अभिनंदन करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी अपराह्न 1 बजकर 55 मिनट पर दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
Also Read: कैंसर का खतरा कम करने के लिए अपनाएं ये 6 आदतें, गजब के हैं रिजल्ट

