PM मोदी आज करेंगे कर्तव्य भवन का उद्घाटन, जानिए कौन-कौन से मंत्रालय होंगे शिफ्ट?
Sandesh Wahak Digital Desk: नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को सेंट्रल विस्टा परियोजना के तहत बने पहले कॉमन सेंट्रल सेक्रेटेरियट भवन कर्तव्य भवन-3 का उद्घाटन करेंगे। यह 10 प्रस्तावित कर्तव्य भवनों में से पहला है, जिसे आधुनिक तकनीक और ऊर्जा दक्षता के साथ तैयार किया गया है।
कौन-कौन से मंत्रालय होंगे यहां?
इस नए भवन में गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, ग्रामीण विकास मंत्रालय, एमएसएमई, डीओपीटी (कार्मिक मंत्रालय), पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के साथ-साथ प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार का कार्यालय भी होगा। कई मंत्रालय तत्काल प्रभाव से यहां शिफ्ट हो जाएंगे, जिससे शास्त्री भवन, कृषि भवन, निर्माण भवन और उद्योग भवन जैसे पुराने भवनों पर निर्भरता खत्म होगी।
भवन की प्रमुख विशेषताएं
- क्षेत्रफल: 1.5 लाख वर्ग मीटर
- मंजिलें: 2 बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर समेत कुल 10
- पार्किंग: 600 वाहनों की सुविधा
- कॉन्फ्रेंस रूम: 24 बड़े व 26 छोटे
- स्मार्ट फीचर्स: आईटी-सक्षम कार्यस्थल, स्मार्ट एंट्री सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक निगरानी, कमांड सेंटर, ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन, सौर पैनल और जल संरक्षण तकनीक
- ऊर्जा दक्षता: 30% कम ऊर्जा खपत, एलईडी लाइटें, स्मार्ट लिफ्ट और ऑटोमैटिक सेंसर
- पर्यावरण अनुकूल: अपशिष्ट जल पुन: उपयोग और ठोस कचरा प्रबंधन प्रणाली
भवन को पर्यावरण के अनुकूल तरीके से डिजाइन किया गया है, जिसमें विशेष कांच की खिड़कियां बाहरी शोर को रोकती हैं और आंतरिक तापमान को नियंत्रित रखती हैं।
नॉर्थ-साउथ ब्लॉक का भविष्य
कर्तव्य भवन तैयार होने के बाद नॉर्थ और साउथ ब्लॉक में स्थित मंत्रालयों को यहां शिफ्ट किया जाएगा। इन ऐतिहासिक इमारतों को अब ‘युगे युगीन भारत’ नामक म्यूजियम में बदला जाएगा, जहां महाभारत काल से लेकर आधुनिक भारत तक के इतिहास और संस्कृति को प्रदर्शित किया जाएगा।
पूरी परियोजना की प्रगति
शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बताया कि अगले महीने तक कर्तव्य भवन-1 और कर्तव्य भवन-2 भी तैयार हो जाएंगे, जबकि शेष सात भवन अप्रैल 2027 तक पूरे कर लिए जाएंगे। पूरी परियोजना पर लगभग 1000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने शाम को एक सार्वजनिक सभा को भी संबोधित किया और इस ऐतिहासिक परियोजना को भारत के प्रशासनिक तंत्र के आधुनिकीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।
Also Read: Bihar News: तेज प्रताप यादव ने VVIP पार्टी के साथ गठबंधन का किया ऐलान, तेजस्वी को…

