PM मोदी ने समस्तीपुर से भरी हुंकार, बोले- जंगलराज वालों को दूर रखेगा बिहार

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को बिहार की एक दिवसीय यात्रा पर समस्तीपुर पहुँचे और आगामी विधानसभा चुनाव 2025 का बिगुल फूंक दिया। कर्पूरी ठाकुर की जन्मस्थली कर्पूरी ग्राम से जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पूरा बिहार कह रहा है कि फिर एक बार NDA सरकार, फिर एक बार सुशासन सरकार। पीएम मोदी ने बिहार की जनता से जंगलराज लाने वालों को दूर रखने की अपील की और कहा, नई रफ्तार से चलेगा बिहार जब फिर आएगी NDA सरकार।

RJD और कांग्रेस पर साधा निशाना

पीएम मोदी ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और कांग्रेस पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इन पार्टियों के कई नेता हजारों करोड़ रुपए के घोटालों में जमानत पर चल रहे हैं। पीएम मोदी ने आरोप लगाया, चोरी की आदत इनकी ऐसी है कि अब जननायक की उपाधि की चोरी में जुटे हैं। बिहार के लोग जननायक कर्पूरी ठाकुर का ये अपमान कभी नहीं सहेंगे।

प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि कर्पूरी ठाकुर के दिखाए सामाजिक न्याय के रास्ते को NDA ने सुशासन का आधार बनाया है। उन्होंने याद दिलाया कि डॉक्टर की पढ़ाई के लिए अखिल भारतीय कोटे में पहले पिछड़ों और गरीबों को आरक्षण नहीं मिलता था, लेकिन NDA सरकार ने ही यह प्रावधान सुनिश्चित किया।

कर्पूरी ग्राम पहुंचकर दी श्रद्धांजलि

इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी समस्तीपुर के कर्पूरी ग्राम पहुँचे और जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और कर्पूरी ठाकुर के पुत्र रामनाथ ठाकुर भी मौजूद रहे। पीएम मोदी ने पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर के परिजनों से बातचीत की, उनके आवास का अवलोकन किया और स्थानीय कलाकारों से भी मुलाकात की।

उल्लेखनीय है कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने ही कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया था। कर्पूरी ठाकुर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री, प्रमुख समाजवादी नेता और सामाजिक न्याय के पुरोधा थे। जनहित के कार्यों के कारण ही जनता उन्हें ‘जननायक’ कहकर पुकारती है।

सीएम नीतीश कुमार ने गिनाए विकास कार्य

इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में जब से NDA की सरकार बनी है, राज्य के विकास में तेज़ी आई है और बिहार में कानून का राज है। उन्होंने केंद्र सरकार के प्रयासों को याद करते हुए बताया कि फरवरी 2025 के बजट में बिहार में मखाना बोर्ड, एयरपोर्ट की स्थापना और वित्तीय सहायता की घोषणा की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि इस वर्ष खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन बिहार में भी हुआ है। पीएम मोदी ने छठ पूजा महापर्व शुरू होने से ठीक पहले भारी संख्या में जनसभा में शामिल होने के लिए बिहार की जनता को धन्यवाद दिया और जीएसटी बचत उत्सव के लाभ मिलने की बात भी कही।

Also Read: जिसपर CM योगी ने लगाया बैन, उसका यूपी से ही होता है 7000 करोड़ का कारोबार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.