डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ हमले पर पीएम मोदी का करारा जवाब, बोले– किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं
Sandesh Wahak Digital Desk: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका द्वारा लगाए गए अतिरिक्त आयात शुल्क (टैरिफ) पर गुरुवार को स्पष्ट और सख्त प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भारत अपने किसानों, मछुआरों और डेयरी उद्योग से जुड़े लोगों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाएगा, चाहे इसकी कितनी भी कीमत क्यों न चुकानी पड़े।
प्रधानमंत्री मोदी की यह प्रतिक्रिया अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस ऐलान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने भारत पर रूस के साथ तेल व्यापार करने के चलते अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा की थी। इस निर्णय के साथ अमेरिका द्वारा भारत पर लगाया गया कुल टैरिफ अब 50 प्रतिशत तक पहुंच गया है।
ट्रंप ने इससे पहले भारत से आयात होने वाले उत्पादों पर पहले ही 25 प्रतिशत शुल्क लगाया था, और अब उन्होंने रूस के साथ व्यापार करने को लेकर भारत पर अलग से आर्थिक दंड के रूप में यह नया टैरिफ जोड़ा है।
पीएम मोदी की अमेरिका को दो टूक
प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली में आयोजित एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए दो टूक कहा, “हम अपने किसानों, मछुआरों और डेयरी क्षेत्र से जुड़े नागरिकों के हितों से कोई समझौता नहीं करेंगे। यदि मुझे उनके हितों की रक्षा के लिए कोई कीमत चुकानी पड़े, तो मैं तैयार हूं।”
उन्होंने यह भी याद दिलाया कि भारत ने अमेरिका को पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि कृषि और डेयरी क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की व्यापारिक छूट या दबाव को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने यह संकेत भी दिए हैं कि केवल टैरिफ ही नहीं, बल्कि वह भारत पर “सेकेंडरी सैंक्शन” (द्वितीयक प्रतिबंध) लगाने पर भी विचार कर रहे हैं। यह प्रतिबंध उन देशों पर लगाया जाता है जो किसी पहले से प्रतिबंधित देश (जैसे रूस) के साथ व्यापार करते हैं।
ट्रंप ने कहा कि भारत, रूस से ऊर्जा आयात के मामले में चीन के काफी करीब है, और इसी कारण उसे अब ज्यादा आर्थिक दबाव का सामना करना होगा।
Also Read: भारत पर ट्रंप का ‘टैरिफ अटैक’, रूसी तेल खरीद पर भड़के, 25% का लगाया…

