शायर मुनव्वर राना की बेटी को पति ने दिया ‘तीन तलाक’, हिबा राना ने लगाए गंभीर आरोप

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के सआदतगंज इलाके से एक बड़ी खबर सामने आई है। प्रख्यात शायर मुनव्वर राना की बेटी हिबा राना ने अपने पति सैय्यद मो. साकिब और ससुर हसीब के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और तीन तलाक का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।

12 साल पहले हुआ था निकाह, फिर भी लालच बरकरार

हिबा के मुताबिक, उनका निकाह 19 दिसंबर 2013 को करीमगंज निवासी साकिब के साथ हुआ था। शादी के वक्त उनके पिता मुनव्वर राना ने अपनी क्षमता के अनुसार लाखों के जेवर और करीब 10 लाख रुपये नकद दिए थे। आरोप है कि इसके बावजूद ससुराल वाले संतुष्ट नहीं हुए और आए दिन 20 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग को लेकर हिबा के साथ मारपीट करने लगे।

“पिता ने मांगें पूरी कीं, पर लालच बढ़ता गया”

हिबा ने पुलिस को बताया कि विवाद बढ़ने पर उनके पिता ने पहले भी आरोपियों की कुछ मांगें पूरी की थीं ताकि बेटी का घर बसा रहे। लेकिन ससुराल वालों का लालच बढ़ता ही गया। आरोप है कि पिछले साल 9 अप्रैल 2025 को पति और ससुर ने फिर से 3 लाख रुपये और एक फ्लैट की डिमांड की। जब हिबा ने असमर्थता जताई, तो आरोपियों ने उनकी हत्या तक करने की कोशिश की।

हिबा ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि जब उनकी बहन आर्शिया उनसे मिलने ससुराल पहुंचीं, तो पति साकिब ने उनके साथ भी बदतमीजी और गाली-गलौज की। इसी दौरान साकिब ने हिबा को ‘तीन तलाक’ बोल दिया और दोनों बहनों को धक्का देकर घर से बाहर निकाल दिया।

पुलिस की कार्रवाई

सआदतगंज इंस्पेक्टर संतोष आर्य ने बताया कि मामला सामने आने के बाद पहले दोनों पक्षों के बीच सुलह (मीडिएशन) कराने की कोशिश की गई थी, लेकिन जब बात नहीं बनी तो अब पति और ससुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Also Read: युमनाम खेमचंद सिंह के हाथों में अब मणिपुर की कमान, चुने गए विधायक दल के नेता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.