PoK में फिर धधकी बगावत की आग, अवामी एक्शन कमेटी बोली- हमसे धोखा हुआ, अब होगा बड़ा आंदोलन
Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में हालात एक बार फिर बेकाबू होते नजर आ रहे हैं। सरकार और जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी के बीच चल रही बातचीत पूरी तरह से विफल हो गई है। कमेटी का आरोप है कि पाकिस्तान सरकार ने अक्टूबर 2025 में हुए समझौते के दौरान किए गए वादों में से एक भी पूरा नहीं किया है। अब आशंका जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में होने वाला विरोध प्रदर्शन पिछले साल के मुकाबले कहीं अधिक बड़ा और उग्र हो सकता है।
सिर्फ दिखावा कर रही है सरकार
कमेटी के सदस्यों का कहना है कि सरकार ने जनता के गुस्से को शांत करने के लिए झूठे वादे किए थे। समझौते के तहत हर 15 दिन में समीक्षा बैठक होनी थी, लेकिन पिछले तीन महीनों में सिर्फ तीन बैठकें हुईं। कमेटी ने सरकार पर निम्नलिखित आरोप लगाए हैं। कार्यकर्ताओं के नाम एग्जिट कंट्रोल लिस्ट (ECL) से नहीं हटाए गए। प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने का वादा भी अधूरा रहा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि PoK के संसाधनों का इस्तेमाल कर पाकिस्तान के बड़े शहरों को चमकाया जा रहा है, जबकि यहां के लोग आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं।
PoK के लोगों का गुस्सा सिर्फ सरकार ही नहीं, बल्कि पाकिस्तानी सेना के खिलाफ भी है। आरोप है कि सेना ने अपने रिटायर्ड अधिकारियों को इलाके के संसाधनों की जिम्मेदारी सौंपी है, जो बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार में डूबे हैं। फंड का बड़ा हिस्सा सेना के अधिकारी डकार रहे हैं, जिससे न केवल जनता में बल्कि खुद पाकिस्तानी सेना के अंदर भी हलचल मची हुई है। हाल ही में सेना प्रमुख असीम मुनीर पर भी भ्रष्टाचार और नाकाबिलियत के गंभीर आरोप लगे हैं।
Also Read: अमिताभ ठाकुर की जमानत पर सुनवाई टली, जेल में अनशन पर बैठे पूर्व IPS; रखी ये खास मांग

