Bareilly Police: हाईवे किनारे खण्डहर से पुलिस ने चोरी के सामान और नकदी के साथ दो दोस्तों को किया गिरफ्तार
Bareilly Police: उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद में देवरनिया थाना पुलिस ने अपराधियों और चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण कामयाबी हासिल की है। पुलिस टीम ने चेकिंग और रात्रि गश्त के दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर बरेली-नैनीताल हाईवे के पास ग्राम वसुपुरा स्थित एक सुनसान खण्डहर में घेराबंदी कर दो शातिर चोरों को रंगे हाथों दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान विष्णु मौर्य और हाशिम के रूप में हुई है, जो देवरनिया क्षेत्र के ही ग्राम गिरधरपुर के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी का एक इन्वर्टर, एक बैटरी, तीन गैस सिलेंडर, तीन एंड्रॉइड मोबाइल फोन और 5,200 रुपये नकद बरामद किए हैं।
कड़ाई से की गई पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने कुबूल किया कि वे आपस में गहरे मित्र हैं और बेरोजगारी के कारण अपनी महंगी नशीली आदतों और खर्चों को पूरा करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। आरोपी चोरी के सामान को हाईवे किनारे इसी खंडहर में छिपा देते थे और मौका पाकर आने-जाने वाले राहगीरों को औने-पौने दामों में बेच देते थे।
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि वे ग्राम गोपालपुर के पंचायत भवन और ग्राम मंगदपुर के प्राथमिक विद्यालय में हुई चोरियों में भी शामिल थे। चोरी के कुछ सामान को बेचने से मिले रुपयों में से 5,200 रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने सभी मामलों में संबंधित धाराओं की वृद्धि कर आरोपियों को अदालत के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: एक बड़े अफसर के मैसेज के बाद हुआ था भरत तिवारी एनकाउंटर, तेजस्वी का सरकार पर आरोप

