Moradabad News: फ्री में दाल न देने पर दुकानदार को पुलिसकर्मियों ने बेरहमी से पीटा
Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र से पुलिस की दबंगई का एक शर्मनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ फ्री में सामान देने से इनकार करने पर दो पुलिसकर्मियों ने एक दुकानदार को बुरी तरह पीटने का आरोप है। बाद में चार और पुलिसकर्मी मौके पर पहुँचे और सभी ने मिलकर दुकानदार को बर्बरता से पीटा।
6 पुलिसकर्मियों ने मिलकर पीटा
पीड़ित दुकानदार नरेंद्र कुमार रामगंगा बिहार फेस-2 स्थित चटोरी गली में किराना और खाने-पीने की दुकान चलाते हैं। नरेंद्र ने बताया कि 10 नवंबर 2025 की रात करीब 11 बजे दो वर्दीधारी उनकी दुकान पर दाल लेने आए। जब नरेंद्र ने उनसे पैसे माँगे, तो उन्होंने कहा कि ‘बाद में दे देंगे’।
दुकानदार ने जब उनसे हर ग्राहक की तरह पैसे देने को कहा, तो पुलिसकर्मी भड़क गए। कुछ ही देर में वहाँ चार और पुलिसकर्मी पहुँच गए और सभी छह पुलिसकर्मियों ने मिलकर नरेंद्र को थप्पड़ों, लातों और डंडों से बुरी तरह पीटा। उन्होंने दुकान का सारा सामान गिरा दिया और पैकेट फाड़ डाले। पीड़ित ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें जेल भेजने की धमकी भी दी।
बीच-बचाव की कोशिश करने वाले आस-पास के लोगों को भी पुलिसकर्मियों ने डरा-धमकाकर भगा दिया। पीड़ित नरेंद्र कुमार इस घटना से सदमे में हैं और मंगलवार सुबह परिजनों और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर उन्होंने शिकायत दर्ज कराई। स्थानीय व्यापारियों में इस घटना को लेकर भारी रोष है। उनका आरोप है कि कुछ पुलिसकर्मी अक्सर वर्दी का रौब दिखाकर दुकानदारों से मुफ्त में सामान माँगते हैं।
व्यापारी नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो वे थाने का घेराव करेंगे और व्यापार बंद आंदोलन शुरू करेंगे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद ने घटना की जानकारी मिलते ही संज्ञान लिया है और पूरे मामले की जाँच के आदेश दे दिए हैं।
Also Read: समय से पहले जन्मे शिशुओं के लिए कृत्रिम गर्भाशय बन सकता है जीवनदान

