UP : लापरवाही पर पुलिस कमिश्नर का बड़ा एक्शन, 6 चौकी प्रभारी सस्पेंड, 4 थानाध्यक्षों को नोटिस जारी
Sandesh Wahak Digital Desk: गौतमबुद्ध नगर में कानून व्यवस्था को लेकर लापरवाही बरतने पर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया है। बीते दो महीनों में अपराध नियंत्रण और विभागीय निर्देशों की अनदेखी पर 6 पुलिस चौकी प्रभारियों को सस्पेंड कर दिया गया है, वहीं 4 थानों के प्रभारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
कमीशनर ने जताई नाराजगी, दो महीने में जीरो प्रिवेंटिव एक्शन
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह की अध्यक्षता में हाल ही में हुई कानून-व्यवस्था और कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक में यह कार्रवाई तय की गई। बैठक में यह बात सामने आई कि कई पुलिस चौकियों द्वारा पिछले दो महीनों में एक भी प्रिवेंटिव कार्रवाई नहीं की गई है।
कमिश्नर ने कहा इससे यह साफ होता है कि संबंधित अधिकारी अपने कर्तव्यों के प्रति गंभीर नहीं हैं और उच्च अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना कर रहे हैं। यह स्थिति बेहद चिंताजनक है और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इन थानों के प्रभारियों को थमाया गया कारण बताओ नोटिस
- दनकौर थाना
- रबूपुरा थाना
- नॉलेज पार्क थाना
- ईकोटेक-3 थाना
इन थानों की कार्यप्रणाली में गंभीर सुरक्षा चूक और मॉनिटरिंग की कमी पाई गई, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर सवाल उठे हैं।
कांवड़ यात्रा को लेकर दिए गए खास निर्देश
बैठक के दौरान आगामी कांवड़ यात्रा के मद्देनजर रूट की बारीकी से सर्वे करने, यातायात योजना को प्रभावी बनाने और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी पुलिसकर्मियों को यह साफ संदेश दिया गया कि “आगामी त्योहारों और धार्मिक आयोजनों में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं चलेगी। हर स्तर पर जवाबदेही तय की जाएगी और लापरवाही पर तत्काल सख्त कार्रवाई होगी।”
प्रशासन की ओर से सख्त संदेश
गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट की इस कार्रवाई से साफ संकेत मिलते हैं कि अब कानून-व्यवस्था में लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है। पुलिसकर्मियों से अपेक्षा की गई है कि वे न सिर्फ विभागीय निर्देशों का पालन करें बल्कि क्षेत्र में सक्रिय निगरानी रखते हुए समय पर एहतियाती कार्रवाई सुनिश्चित करें।
Also Read: सरकारी स्कूलों के विलय के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन, 22 से 30 जून तक निकाली जाएगी ‘स्कूल बचाओ पदयात्रा’

