सिद्धार्थनगर में अवैध पटाखों पर पुलिस का शिकंजा, 1200 किलो विस्फोटक जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: आगामी दीपावली और छठ पूजा के मद्देनजर सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिद्धार्थनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इटवा पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर लगभग 1200 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 7,05,430 रुपये बताई जा रही है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

दो स्थानों पर मिली सफलता
पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर अवैध पटाखा भंडारण और बिक्री रोकने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। इटवा थाना अध्यक्ष श्याम सुंदर तिवारी ने बताया कि शनिवार को मुखबिर की सूचना पर दो टीमों ने कार्रवाई की। पुलिस टीम ने अटल नगर निवासी प्रभुदयाल उर्फ राजा जायसवाल के घर से 11 गत्तों में लगभग 750 किलोग्राम अवैध आतिशबाजी बरामद की। दूसरी टीम ने मोहल्ला जानकीनगर निवासी फिरोज के घर से 12 गत्तों और एक झोले में लगभग 450 किलोग्राम पटाखे बरामद किए।
रिहायशी इलाके में बड़ा खतरा
पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे दीपावली और छठ पर्व पर इन पटाखों को बेचने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि रिहायशी इलाकों में इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक पदार्थों का भंडारण करना अत्यंत खतरनाक है, जिससे मानव जीवन को गंभीर खतरा हो सकता है।
दोनों अभियुक्तों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और विस्फोटक अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने इस सफलता के लिए टीम की सराहना की है।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: सीतापुर: अनियंत्रित होकर पलटा ई-रिक्शा, युवक की दर्दनाक मौत

