Gonda News: छोटी सेना गैंग पर नकेल कसने की तैयारी में पुलिस, गैंग लीडर समेत अन्य आरोपियों की खंगाली जा रही क्राइम कुंडली

Gonda News: शुक्रवार की देर शाम पुलिस मुठभेड़ में पकड़े गए छोटी सेना गैंग के लीडर आशु उपाध्याय उर्फ पिंकल व चंदन तिवारी के साथियों की पुलिस ने क्राइम कुंडली खंगालनी शुरू कर दी है। क्राइम हिस्ट्री खंगाल लेने के बाद इस गैंग पर बड़ी कार्रवाई अमल में लाई जा सकती है। पुलिस ने जिले के सभी थानों के साथ ही अयोध्या पुलिस से भी संपर्क कर क्राइम हिस्ट्री मांगी है।

पुलिस की जांच में वजीरगंज थाना क्षेत्र के रामपुर खरहंटा के रहने वाले एक कंपनी के रिकवरी एजेंट राघवेंद्र सिंह फायर करने और रंगदारी मांगने के मामले में अयोध्या के महराजगंज थाना क्षेत्र के रोशन नगर वकारगंज निवासी आशु उपाध्याय के विरुद्ध गोण्डा जिले की कोतवाली नगर में 3, नवाबगंज में 1 व अयोध्या के कैंट थाने में 1 मुकदमा दर्ज है, जबकि खरगूपुर थाना के रस्तोगी मोहल्ला निवासी चंदन तिवारी के खिलाफ कोतवाली नगर में 4 व अयोध्या कोतवाली में 1 मुकदमा दर्ज है।

इनके अलावा कप्तान सिंह, धवल तिवारी, समरेंद्र प्रताप सिंह, हर्ष मिश्र, सत्यम सक्सेना, विवेक तिवारी, हरशु कश्यप, वरुण दीक्षित, अर्जुन सिंह व रोमी शुक्ला की पुलिस ने अन्य थानों से क्राइम हिस्ट्री मांगी है। इनमें से कई आरोपी नगर कोतवाली के टॉप-10 बदमाशों की सूची में शामिल हैं। बताते चलें कि कप्तान सिंह के साथियों का यह कोई नया कारनामा नहीं है। एक साल पहले शहर में स्थित गांधी पार्क के सामने एक रेस्तरां में एक युवक अपने साथियों संग बर्थ-डे पार्टी मना रहा था। रात करीब आठ बजे केक कटने के बाद डिनर शुरू हुआ। इसी दौरान स्कॉर्पियो गाड़ी से पहुंचे बदमाशों से विवाद हो गया, जिसमें दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई थी।

Chhoti Sena Gang

हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले सभी भाग निकले थे। बाद में रेस्तरां के मालिक ने नगर कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई थी। सूत्र बताते हैं कि छोटी सेना गैंग का दायरा अब पड़ोसी जिलों तक फैल चुका है। जिले में यह गैंग काफी मजबूत माना जाता है। लोगों, खासतौर से व्यापारियों, कारोबारियों व नौकरीपेशा लोगों में इस गैंग की अच्छी-खासी दहशत है। वहीं दूसरी तरफ, गोण्डा पुलिस ने रंगदारी मामले में आरोपी 09 बदमाशों को रडार पर लेकर छापेमारी शुरू कर दी है। फरार चल रहे आरोपियों को दबोचने के लिए एसओजी समेत पांच टीमें लगाई गयी हैं। पुलिस का मानना है कि जल्द ही सभी आरोपी गिरफ्त में होंगे।

गोण्डा एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि जनपद के सभी थानों के साथ ही पड़ोसी जनपदों की पुलिस से भी आरोपियों की क्राइम हिस्ट्री एकत्र की जा रही है। इनके आपराधिक इतिहास मिलते ही बड़ी कार्रवाई अमल में लाई जा सकती है।

रिपोर्ट- एआर उस्मानी

Also Read: दिवाली पर जीत का तोहफा नहीं दे सकी टीम इंडिया, मिचेल मार्श ने बिखेरी चमक, 7 विकेट से जीता ऑस्ट्रेलिया

Get real time updates directly on you device, subscribe now.