लखनऊ यूनिवर्सिटी रोड पर बाइकर्स गैंग की स्टंटबाजी पर पुलिस ने कसी लगाम, 10 युवकों की हुई पहचान
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ की सड़कों पर तेज रफ्तार और स्टंटबाजी का जुनून एक बार फिर युवाओं पर भारी पड़ता नजर आया। सोशल मीडिया पर “बाइकर्स गैंग का तांडव” शीर्षक से वायरल हुए एक वीडियो के बाद महानगर थाना पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 10 युवकों की पहचान की है, जो यूनिवर्सिटी रोड पर रात के वक्त तेज रफ्तार में स्टंट कर रहे थे।

सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा
यह घटना 13-14 जुलाई की मध्य रात्रि लगभग 12:20 बजे की है। वीडियो में कुछ बाइक सवार युवकों को कपूरथला से हनुमान सेतु रोड की ओर जाते हुए स्टंट करते हुए देखा गया। ये सभी बड़ी लापरवाही और तेज गति से बाइक चला रहे थे, जिससे किसी गंभीर हादसे की आशंका बन गई थी।
पुलिस ने आईटीएमएस के सीसीटीवी कैमरों की मदद से तीन बाइकों के नंबर ट्रेस किए:
UP32PS9394
UP32KL7163
UP32PS8430
इन नंबरों और फुटेज के आधार पर पुलिस ने महानगर थाने में धारा 281 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया।
10 युवक आए पुलिस की रडार पर
- अमन मौर्या, फैजुल्लागंज, लखनऊ
- पुनीत राठौर, दाउदनगर, लखनऊ
- अनिकेत, सीतापुर
- आकाश वर्मा, गाजीपुर बलराम, लखनऊ
- विमल त्रिवेदी, सीतापुर
- शनी कश्यप, फैजुल्लागंज
- कुनला गौड़, रहीमनगर डूडौली
- शुभम सिंह, गंगा विहार कॉलोनी, लखनऊ
- आयुष कश्यप, रहीमनगर डूडौली
- कृष्णा कुमार, मड़ियाव
इन सभी के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 34 के तहत भी चालान किया गया है। इनके खिलाफ विधिक कार्यवाही जारी है और पुलिस अन्य बाइकों व युवकों की पहचान में भी जुटी हुई है।
बाइक स्टंटबाजी बना रही खतरा
यूनिवर्सिटी रोड जैसी भीड़भाड़ वाली जगह पर इस तरह की स्टंटबाजी से आम जनता की जान खतरे में पड़ सकती है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की अवैध रेसिंग या स्टंट को किसी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस की अपील
लखनऊ पुलिस ने शहर के युवाओं से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सार्वजनिक सड़कों को खतरनाक प्रदर्शन का मंच न बनाएं। ऐसी हरकतें न सिर्फ खुद की, बल्कि दूसरों की जान भी जोखिम में डालती हैं।

