Prayagraj News: चंद्रशेखर के समर्थकों पर पुलिस का शिकंजा, 600 आरोपियों पर FIR, अब तक 85 गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रयागराज जिले की करछना तहसील के भड़ेवरा बाजार में हुए बवाल के मामले में पुलिस ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। बीते दिन पुलिस ने 10 और उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिसके बाद कुल गिरफ्तारियों का आंकड़ा 85 पहुँच गया है। पुलिस अभी भी फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। बवाल के दौरान बनी फोटो और वीडियो फुटेज पुलिस के लिए आरोपियों की पहचान करने में बड़ा मददगार साबित हो रही हैं।

भड़ेवरा हिंसा की जड़ और पुलिस की कार्रवाई

जानकारी के मुताबिक, इस घटना की शुरुआत बीते रविवार को हुई थी। आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद के समर्थकों को इसौटा गांव जाने से रोका गया था। इसी बात से नाराज होकर उनके समर्थकों ने भड़ेवरा बाजार में जमकर तोड़फोड़ की और कई वाहनों में आग लगा दी। भीड़ ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी, जिससे तनाव का माहौल बन गया।

इस मामले में भीम आर्मी के तहसील अध्यक्ष और उपाध्यक्ष समेत कुल 54 नामजद और लगभग 550 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए स्थानीय पुलिस के साथ-साथ एसओजी और सर्विलांस टीमें भी लगातार दबिश दे रही हैं।

वहीं, सांसद चंद्रशेखर आजाद ने इस घटना में अपने समर्थकों का हाथ होने से साफ इनकार किया है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच करने की अपील की है, लेकिन साथ ही चेतावनी भी दी कि उनके समाज के लोगों को गलत तरीके से बदनाम न किया जाए। उन्होंने धमकी दी है कि अगर उनके लोगों को परेशान किया गया, तो वह लखनऊ में एक बड़ा आंदोलन करेंगे और विधानसभा व मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे।

फिलहाल, इस घटना के बाद पूरे इसौटा गांव और आसपास के इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस लगातार फ्लैग मार्च कर रही है और स्थिति पर कड़ी निगरानी रख रही है, ताकि दोबारा कोई माहौल खराब न कर सके। उपद्रवियों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Also Read: फीस की चिंता मत करो – CM योगी, पढ़ाई के लिए मदद मांगने पहुंची पंखुड़ी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.