बुर्का खींचने के मामले पर सियासी विवाद, इल्तिजा मुफ्ती ने नीतीश कुमार के खिलाफ दर्ज कराई FIR
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर मुस्लिम महिला का बुर्का खींचने के आरोपों को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। इस मामले में अब पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की नेता और जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्ती ने बड़ा कदम उठाया है। इल्तिजा मुफ्ती ने नीतीश कुमार के खिलाफ कोठी बाग पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है और इस पूरे मामले पर जम्मू-कश्मीर पुलिस से संज्ञान लेने की अपील की है।
सोशल मीडिया पर साझा की जानकारी
इल्तिजा मुफ्ती ने इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा की है। उन्होंने लिखा कि एक मुस्लिम महिला का नकाब जबरन हटाकर उसके सम्मान के साथ खिलवाड़ किया गया है, जिसे लेकर उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपनी पोस्ट में जम्मू-कश्मीर पुलिस को टैग करते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की है। इस पोस्ट के साथ उन्होंने शिकायत की प्रति भी सार्वजनिक की है।
दरअसल अपनी शिकायत में इल्तिजा मुफ्ती ने लिखा है कि वह एक घृणास्पद घटना की ओर ध्यान दिलाना चाहती हैं, जिससे मुस्लिम समुदाय, विशेष रूप से मुस्लिम महिलाओं को गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सार्वजनिक रूप से कई लोगों की मौजूदगी में एक युवा मुस्लिम डॉक्टर के चेहरे से हिजाब खींचने की कोशिश की। इल्तिजा ने इसे महिला के सम्मान और धार्मिक स्वतंत्रता पर सीधा हमला बताया है।

नकाब के समर्थन में उतरीं इल्तिजा
पीडीपी नेता ने अपनी शिकायत में यह भी लिखा है कि यह घटना इसलिए और अधिक शर्मनाक हो जाती है क्योंकि इस दौरान वहां मौजूद बिहार के उपमुख्यमंत्री और अन्य लोग इस कृत्य पर हंसते हुए दिखाई दिए। इल्तिजा मुफ्ती के अनुसार, यह रवैया न केवल असंवेदनशील है, बल्कि मुस्लिम महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला भी है।
इल्तिजा मुफ्ती ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए हिजाब और नकाब का खुलकर समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम महिलाओं के पहनावे और उनकी धार्मिक पहचान का सम्मान किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि किसी भी महिला के हिजाब या नकाब को जबरन हटाना उसकी व्यक्तिगत स्वतंत्रता और सम्मान का उल्लंघन है।
पहले भी साध चुकी हैं निशाना
इससे पहले भी इल्तिजा मुफ्ती ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह की टिप्पणी को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा था कि इस तरह की भाषा और सोच अस्वीकार्य है और मुस्लिम महिलाओं के हिजाब और नकाब को छूने की हिम्मत किसी को नहीं करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा था कि अगर ऐसा किया गया तो मुस्लिम महिलाएं इसका मुंहतोड़ जवाब देंगी।
Also Read: माता -पिता कर रहे जवान बेटे की इच्छामृत्यु की मांग, सुप्रीम कोर्ट अब लेगा फैसला

