बंगाल चुनाव से पहले सियासी विस्फोट: घुसपैठ पर आमने-सामने अमित शाह और ममता बनर्जी

Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही राज्य की राजनीति में उबाल साफ दिखाई देने लगा है। चुनावी माहौल गर्माते ही सियासी बयानबाजी तेज हो गई है और ‘बांग्लादेशी घुसपैठ’ का मुद्दा एक बार फिर केंद्र में आ गया है। इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर कोलकाता पहुंच चुके हैं, लेकिन उनके बंगाल आने से पहले ही असम से दिया गया बयान बंगाल की राजनीति में भूचाल ले आया है।

‘एक-एक घुसपैठिये को बाहर करेंगे’

कोलकाता रवाना होने से पहले अमित शाह असम के नगांव जिले में थे। वहां उन्होंने महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव जी की जन्मस्थली ‘बटाद्रवा थान पुनर्विकास परियोजना’ का उद्घाटन किया। 162 बीघा भूमि पर 222 करोड़ रुपये की लागत से बने इस तीर्थ स्थल के लोकार्पण के दौरान अमित शाह ने पिछली सरकारों पर तीखा हमला बोला और घुसपैठ के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि वर्षों तक यह पवित्र स्थल घुसपैठियों के कब्जे में रहा, लेकिन मौजूदा सरकार ने न केवल इसे मुक्त कराया बल्कि इसे एक विश्व-प्रसिद्ध तीर्थ स्थल के रूप में विकसित किया।

असम की धरती से अमित शाह ने दो टूक शब्दों में कहा कि अब देश से एक-एक घुसपैठिये को चुन-चुनकर बाहर निकाला जाएगा। उनका यह बयान कोलकाता पहुंचने से पहले ही बंगाल की राजनीति में हलचल पैदा कर गया। साफ संकेत है कि बीजेपी इस मुद्दे को चुनावी एजेंडे के तौर पर मजबूती से आगे बढ़ाने की तैयारी में है।

ममता बनर्जी का पलटवार

अमित शाह के कोलकाता पहुंचने से पहले ही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी जानबूझकर ध्रुवीकरण की राजनीति कर रही है और बांग्ला भाषा बोलने वाले नागरिकों को शक की नजर से देखा जा रहा है। ममता बनर्जी ने सवाल उठाया कि क्या केवल बांग्ला बोलने से कोई बांग्लादेशी हो जाता है।

ममता बनर्जी ने 1971 के समझौते का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय जो लोग आए, वे भारत के नागरिक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जिन्होंने देश के लिए कुर्बानी दी, जेल गए और संघर्ष किया, उन्हें बाहर निकालने की बात करना पूरी तरह गलत है। उनका कहना है कि बंगाल में बीजेपी की ऐसी राजनीति नहीं चलेगी और राज्य की जनता इसका जवाब देगी।

 

Also Read: प्रियंका गांधी के बेटे रेहान की गर्लफ्रेंड अवीवा संग इंगेजमेंट, जानें कौन हैं प्रियंका की होने वाली बहू?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.