कांशीराम को भारत रत्न देने की मांग पर सियासी घमासान, Mayawati का सपा-कांग्रेस पर हमला
Sandesh Wahak Digital Desk: बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम को भारत रत्न देने की मांग को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर यह मांग उठाई है। वहीं समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी कांशीराम को भारत रत्न देने की मांग की है, जिसके बाद यह मुद्दा राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है। जिसके बाद BSP प्रमुख Mayawati ने X पोस्ट कर सपा-कांग्रेस पर निशाना साधा है।
Mayawati ने दोनों पार्टियों पर साधा निशाना
इस मामले में अब बीएसपी सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती (Mayawati) का बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव को देखते हुए दोनों पार्टियां कांशीराम को भारत रत्न देने की मांग कर रही हैं, जो हास्यास्पद है।
मायावती ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस दलित-विरोधी पार्टियां हैं और चुनाव नजदीक आते ही वोट के स्वार्थ में कांशीराम की जयंती मनाकर और भारत रत्न की मांग उठाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में कांशीराम को भारत रत्न नहीं दिया और अब दूसरी सरकार से इसकी मांग कर रही है।
BSP को कमजोर करने की साजिश का आरोप
मायावती (Mayawati) ने कहा कि ये पार्टियां शुरू से ही बीएसपी को खत्म करने में लगी रही हैं, लेकिन कांशीराम द्वारा स्थापित पार्टी को कोई हिला नहीं सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि इन पार्टियों के महापुरुषों में अब कोई प्रभाव नहीं बचा है, इसलिए वे बीएसपी के महापुरुषों का सहारा ले रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि बीएसपी सरकार द्वारा कांशीराम के सम्मान में किए गए कार्यों को सपा सरकार ने बदल दिया था, जिससे इन पार्टियों का दोहरा चरित्र सामने आता है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों से दूरी बनाने के लिए ही कांशीराम ने ‘चमचा युग’ नाम से अंग्रेजी में एक किताब भी लिखी थी।
कांग्रेस कार्यक्रम में पारित हुआ प्रस्ताव
गौरतलब है कि 13 मार्च को राहुल गांधी की मौजूदगी में एक कार्यक्रम के दौरान कांशीराम को भारत रत्न देने का प्रस्ताव पारित किया गया था। इस दौरान यह भी कहा गया कि यह मांग तब पूरी होगी जब राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे। वहीं समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस मुद्दे को उठाकर अपनी मांग दोहराई है। जिसके बाद Mayawati ने निशाना साधा है।
Also Read: मणिपुर में Earthquake, विधानसभा की कार्यवाही 5 मिनट के लिए स्थगित

