OP Rajbhar को मिली धमकी पर सियासी घमासान, महेंद्र राजभर बोले- ये सिर्फ एक नाटक
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला अब सियासी रंग लेने लगा है। जहां उनके समर्थक इसे गंभीर सुरक्षा चूक मान रहे हैं, वहीं पार्टी के बागी नेता महेंद्र राजभर ने इसे ड्रामा और सहानुभूति बटोरने की साजिश बताया है।
मऊ में आयोजित एक बैठक में पहुंचे महेंद्र राजभर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि “उपचुनाव के चलते ओम प्रकाश राजभर लोगों की सहानुभूति पाने की कोशिश कर रहे हैं। ये धमकी महज Z प्लस सुरक्षा का बहाना है, इससे ज़्यादा कुछ नहीं।”
बागी नेता ने बताया ड्रामा, उठाए सवाल
महेंद्र राजभर, जिन्होंने सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी बनाकर अलग राह पकड़ ली है, ने फेसबुक पर दी गई धमकी को पूरी तरह से “राजनीतिक स्टंट” बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सबकुछ योजनाबद्ध तरीके से किया गया है, ताकि मऊ उपचुनाव में भावनात्मक माहौल बनाकर जनता की सहानुभूति बटोरी जा सके।
हाल ही में एक सार्वजनिक मंच पर महेंद्र राजभर के साथ हुई थप्पड़बाज़ी पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने शांतिपूर्वक जवाब दिया। उन्होंने कहा, “जिसने थप्पड़ मारा, उसे माफ कर दिया। राजनीति में ये सब चलता रहता है।”
धमकी को लेकर दर्ज हुई FIR
उधर, मंत्री ओम प्रकाश राजभर को जान से मारने की धमकी को लेकर उनके बेटे अरुण राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि “करणी सेना बलिया” के नाम से बनी फेसबुक आईडी के माध्यम से उन्हें गोली मारने की धमकी दी गई है। इस मामले में मंत्री के पीआरओ की ओर से लखनऊ के हजरतगंज थाने में शिकायत दी गई है। शिकायत में बलिया करणी सेना के जिलाध्यक्ष पर सीधा आरोप लगाया गया है।
Also Read: यूपी के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह को मिल सकता है सेवा विस्तार, राज्य सरकार ने भेजी सिफारिश

