‘बिहार से मन ऊब गया है, दिल्ली जाकर देख लें युवराज’, तेजस्वी के राज्यसभा जाने की चर्चा पर गिरिराज का तंज

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की पांच राज्यसभा सीटों के लिए होने वाले चुनावों ने राज्य की सियासत में हलचल मचा दी है। संख्या बल के हिसाब से एनडीए के खाते में चार सीटें जाती दिख रही हैं, जबकि एक सीट को लेकर सस्पेंस बरकरार है। इसी बीच खबर आई कि महागठबंधन की ओर से तेजस्वी यादव खुद मैदान में उतर सकते हैं। इस संभावित बदलाव पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सोमवार को बड़ा बयान दिया है।

युवराज का मन अब बिहार से भर गया है

तेजस्वी यादव के राज्यसभा जाने की चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए गिरिराज सिंह ने कहा, “हमें मालूम हुआ है कि अब युवराज (तेजस्वी) खुद दिल्ली जाना चाहते हैं। लगता है यहां (बिहार) से उनका मन ऊब गया है। खैर, अच्छा है… राज्यसभा का चुनाव लड़कर भी देख लें।” गिरिराज सिंह यहीं नहीं रुके, उन्होंने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव दोनों पर निशाना साधते हुए कहा कि ये पार्टियां लोकतांत्रिक नहीं हैं, बल्कि यहां ‘युवराज’ ही तय करते हैं कि किसे रहना है और किसे जाना है।

जेडीयू ने भी साधा निशाना: “लालू जी को बेटे पर भरोसा नहीं”

इस मुद्दे पर जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने भी तंज कसने में देर नहीं की। उन्होंने कहा कि आरजेडी के संसदीय बोर्ड की बैठक तो महज एक दिखावा है। असली ताकत आज भी लालू यादव के पास है। उन्होंने कहा, “लालू जी को लंबे समय से तेजस्वी पर पूरा भरोसा नहीं रहा है, इसीलिए उन्होंने पार्टी सिंबल और सिग्नेचर की पावर अपने पास सुरक्षित रखी है। अब देखना होगा कि ‘युवराज’ को दिल्ली का टिकट मिलता है या नहीं।”

आरजेडी की बैठक में क्या हुआ?

राज्यसभा चुनाव की रणनीति तय करने के लिए रविवार (1 मार्च) को आरजेडी संसदीय बोर्ड की अहम बैठक हुई। बैठक में सर्वसम्मति से उम्मीदवार चुनने का पूरा अधिकार लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव को सौंप दिया गया। आरजेडी ने तय किया है कि उनका जो भी प्रत्याशी होगा, वह नामांकन के आखिरी दिन यानी 5 मार्च को अपना पर्चा दाखिल करेगा।

क्या है सीटों का समीकरण?

बिहार की 5 सीटों पर होने वाले इस चुनाव में अंकगणित फिलहाल एनडीए के पक्ष में झुकता दिख रहा है। अगर तेजस्वी यादव खुद मैदान में उतरते हैं, तो यह मुकाबला काफी दिलचस्प हो जाएगा। हालांकि, आरजेडी की ओर से अभी तक तेजस्वी के नाम पर कोई आधिकारिक मुहर नहीं लगी है।

Also Read: यूपी रोडवेज का होली गिफ्ट, इस रूट पर बढ़ाई गईं बसों की संख्या, 9 मार्च तक छुट्टियां रद्द

Get real time updates directly on you device, subscribe now.