इटावा कांड पर यूपी में गरमाई सियासत, अखिलेश यादव की चेतावनी पर मंत्री कपिल देव का पलटवार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में यादव समुदाय के कथावाचकों के साथ बदसलूकी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। राजनीतिक हलकों में भी इस घटना को लेकर घमासान छिड़ गया है। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जहां इस घटना को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है, वहीं योगी सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने भी पलटवार किया है।
अखिलेश यादव ने जताई नाराजगी, दी आंदोलन की चेतावनी
घटना इटावा के बकेवर थाना क्षेत्र के दान्दरपुर गांव की है। कथावाचक मुकुट मणि यादव और उनके सहायक संत कुमार यादव के साथ कथित तौर पर ब्राह्मण समुदाय के कुछ लोगों ने जातिसूचक टिप्पणी की, बाल और चोटी काट दी और उनके साथ अभद्रता की। आरोप है कि उन्हें फर्जी कथावाचक बताकर बंधक बनाया गया, हारमोनियम तोड़ दिया गया और यहां तक कि उन पर मानव मूत्र तक फेंका गया। एक महिला से जबरन पैर भी छुवाए गए।
इस घटना के बाद समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर तीखी नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ितों की केवल जाति पूछने पर उन्हें अपमानित किया गया। अखिलेश ने इसे “पीडीए” यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समाज के सम्मान से जोड़ते हुए कहा कि अगर तीन दिन के भीतर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी बड़ा आंदोलन शुरू करेगी।
कपिल देव अग्रवाल ने दिया जवाब
इस मुद्दे पर प्रदेश के कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि घटना दुर्भाग्यपूर्ण जरूर है, लेकिन पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है। एफआईआर दर्ज की गई है और आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है। उन्होंने कहा, “यह योगी आदित्यनाथ की सरकार है, जो कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं करती। पिछली सरकारों की तरह यहां अपराधियों को संरक्षण नहीं दिया जाता।”
मंत्री ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें इस मामले को पीडीए से जोड़कर राजनीति नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह घटना सामाजिक विद्वेष की प्रतीक है और सरकार इसे पूरी गंभीरता से ले रही है। इटावा पुलिस ने घटना को लेकर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों पर संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषी चाहे कोई भी हो, उसे छोड़ा नहीं जाएगा।
Also Read: UP News: भाजपा विधायक ने SDM को जड़ा थप्पड़, पुलिस चौकी में हुआ जमकर हंगामा

