गोरखपुर में समोसे पर सियासत, सपा नेता ने पोस्टर लगाकर बीजेपी सांसद रवि किशन को घेरा
Sandesh Wahak Digital Desk: गोरखपुर में बीजेपी सांसद रवि किशन के खिलाफ लगे एक पोस्टर ने शहर में हलचल मचा दी है। यह पोस्टर बुधवार सुबह से ही चर्चा का विषय बना हुआ है और सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रहा है। सपा के एक नेता द्वारा लगाए गए इस पोस्टर में रवि किशन को एक समोसे के साथ दिखाया गया है।
पोस्टर में क्या लिखा है?
सपा नेता अविनाश तिवारी द्वारा लगवाए गए इस पोस्टर में रवि किशन की एक फोटो है, जिसमें वह हाथ में समोसा लिए हुए हैं। पोस्टर पर तंज कसते हुए लिखा है “गोरखपुर के ज्वलंत अति गंभीर मुद्दा आलू का समोसा सदन में उठाए जाने के बाद रवि किशन को सांसद रत्न पुरस्कार से सम्मानित होने पर हार्दिक बधाई।
पोस्टर में रवि किशन के काम पर सवाल उठाते हुए एक बच्ची का भी जिक्र किया गया है। पोस्टर पर लिखा है, अगर गोरखपुर में जल जमाव पर ध्यान दिया होता तो 8 वर्ष की बच्ची आफरीन की मृत्यु नहीं हुई होती। बताया जा रहा है कि यह पोस्टर मंगलवार देर रात लगाया गया था, जिसे बाद में प्रशासन ने हटवा दिया।
दरअसल, रवि किशन ने संसद में होटलों और ढाबों में मिलने वाले खाने की मात्रा को लेकर एक मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा था कि मेन्यू कार्ड में खाने की मात्रा और तेल-घी की जानकारी भी लिखी होनी चाहिए। इसी बात को लेकर अब सपा नेता ने उन पर निशाना साधा है।
Also Read: Lucknow News: NSUI का वोट चोरी के आरोपों को लेकर हल्ला बोल, कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच…

