संसद में गूंजा प्रदूषण का मुद्दा, सोनिया-प्रियंका ने कहा- अब बस ठोस कार्रवाई चाहिए

Sandesh Wahak Digital Desk: देश की राजधानी दिल्ली-एनसीआर में जानलेवा स्तर पर पहुँच चुके वायु प्रदूषण के खिलाफ आज संसद परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। मकर द्वार के सामने विपक्षी सांसदों ने मास्क पहनकर और हाथों में पोस्टर लेकर केंद्र सरकार से इस गंभीर संकट पर तत्काल और ठोस कार्रवाई करने की मांग उठाई। विरोध प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा, यह काम करना सरकार की ज़िम्मेदारी है। छोटे बच्चे परेशान हैं, और मेरे जैसे बुज़ुर्ग लोगों के लिए भी साँस लेना मुश्किल हो गया है।

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी स्थिति की गंभीरता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, हम किस मौसम का मज़ा लें? बाहर देखिए, क्या स्थिति बनी हुई है। छोटे बच्चे, बुजुर्ग साँस नहीं ले पा रहे हैं… हर साल यह स्थिति बिगड़ती जा रही है। हर साल सिर्फ बयानबाजी होती है, कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती। उन्होंने आगे कहा कि यह कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है और सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए, विपक्ष उनके साथ खड़ा है।

सांसदों ने उठाई सदन में चर्चा की मांग

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने इस मुद्दे पर चर्चा के लिए काम रोको प्रस्ताव भी दिया। उन्होंने कहा, दिल्ली में AQI 400 के पार है, लोगों का बुरा हाल है। बच्चों को साँस लेने में दिक्कत हो रही है। यह स्वास्थ्य की दृष्टि से एक बड़ा संकट है और इस पर सदन में चर्चा होनी चाहिए।

कांग्रेस नेता अजय माकन ने प्रदूषण के मुद्दे पर दिल्ली और केंद्र सरकार दोनों को घेरा। उन्होंने कहा, दिल्ली में, दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार दोनों ही पार्टी हैं। दोनों में से कोई भी अब सिर्फ़ ब्लेम गेम नहीं खेल सकता। उन्होंने प्रदूषण के हल के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट में सुधार की ज़रूरत बताई और आरोप लगाया कि बीजेपी और AAP दिल्ली में प्रदूषण को रोकने में पूरी तरह से फेल हो गए हैं।

Also Read: Bulandshahr News: लड़की की गला रेतकर हत्या मामले में सलीम कबाड़ी मुठभेड़ में गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.