पूजा पाल को सच बोलना पड़ा भारी, माफियाओं की तारीफ से खुश होती है सपा: नंदी

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी से विधायक पूजा पाल के निष्कासन का मामला गरमाता जा रहा है। इस मुद्दे पर यूपी सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने सपा और उसके नेतृत्व पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पूजा पाल को सच बोलना महंगा पड़ गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करना समाजवादी पार्टी और उसके प्रमुख अखिलेश यादव को नागवार गुजरा, इसलिए उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।

“गुंडे-माफियाओं से खुश होती है सपा”

नंदी ने कहा कि सपा हमेशा से ही गुंडों और माफियाओं की राजनीति को संरक्षण देती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार में अपराधियों का बोलबाला था और कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी थी। थानों में फरियादियों की जगह पीड़ितों को ही बैठा लिया जाता था, जबकि सपा के कार्यकर्ता पुलिस को सीधे आदेश सुनाते थे। उन्होंने कटाक्ष किया कि सपा के लिए गुंडे और माफियाओं की तारीफ खुशी की वजह होती है, लेकिन सच्चाई बोलने वाले नेताओं को निकाल बाहर किया जाता है।

योगी सरकार पर विश्वास जताने की वजह से कार्रवाई

मंत्री नंदी ने कहा कि पूजा पाल ने सिर्फ इतना कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और उद्योग-व्यापार को गति मिली है। यह सपा नेतृत्व को पसंद नहीं आया और उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई कर दी गई। नंदी के मुताबिक, यह कदम सपा के दोगले चरित्र को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि सपा शासनकाल में कारसेवकों पर गोली चलवाई गई थी और हमेशा सनातन धर्म का अपमान किया गया। आज भी सपा उसी राह पर चल रही है। नंदी ने दावा किया कि जनता समाजवादी पार्टी की असलियत जान चुकी है और अब उसे ‘समाप्तवादी पार्टी’ के रूप में देख रही है।

“विनाश काले विपरीत बुद्धि”

अपने संबोधन में मंत्री नंदी ने तीखा प्रहार करते हुए कहा — “विनाश काले विपरीत बुद्धि”। उन्होंने कहा कि जब किसी दल का अंत समीप आता है, तो उसके नेता गलत फैसले लेने लगते हैं। समाजवादी पार्टी भी उसी दिशा में बढ़ रही है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि अखिलेश यादव को सद्बुद्धि दें ताकि वे सच बोलने वालों की आवाज दबाने के बजाय जनता की बात सुनें।

नंदी ने दोहराया कि योगी आदित्यनाथ की सरकार प्रदेश में शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और उद्योग, निवेश व रोजगार के नए अवसरों पर लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पूजा पाल जैसे नेता जनता के बीच सच्चाई बोलने का साहस रखते हैं, लेकिन सपा को ऐसे लोग मंजूर नहीं हैं।

Also Read: मुख्यमंत्री धामी ने दी सिंगटाली पुल को हरी झंडी, 57 करोड़ रुपए स्वीकृत 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.