प्रयागराज में लगे पोस्टर ने खड़ा किया नया विवाद, सपा नेता ने BJP पर लगाए गंभीर आरोप

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रयागराज जिले में समाजवादी छात्र सभा से जुड़े छात्रनेता सद्दाम अंसारी द्वारा शहर के जार्जटाउन इलाके में लगाए गए एक विवादित पोस्टर ने सियासी हलकों में हलचल मचा दी है। पोस्टर के माध्यम से उन्होंने यह सवाल उठाया है कि “क्या भड़काऊ भाषण देने पर सिर्फ मुसलमान नेताओं की ही सदस्यता रद्द की जाती है?”

पोस्टर में भाजपा और सपा के चार-चार नेताओं की तस्वीरें लगाई गई हैं, जो अपने बयानों को लेकर विवादों में रहे हैं। पोस्टर पर लिखा है कि भाजपा नेताओं पर विवादास्पद भाषण देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई, जबकि समाजवादी पार्टी के नेताओं को न सिर्फ कानूनी शिकंजे में कसा गया, बल्कि उनकी विधानसभा सदस्यता तक रद्द कर दी गई।

किन नेताओं की तस्वीरें हैं?

पोस्टर के एक तरफ भाजपा नेता सांसद अनुराग ठाकुर, मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह, पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी और नुपुर शर्मा की तस्वीरें हैं। वहीं दूसरी ओर सपा नेताओं आजम खां, अफजाल अंसारी, इरफान सोलंकी और अब्बास अंसारी के चित्र लगाए गए हैं।

छात्र नेता कामरेड सद्दाम अंसारी द्वारा लगाए गए इस पोस्टर में सीधे तौर पर भाजपा सरकार पर भेदभाव और दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया गया है। पोस्टर में सवाल किया गया है कि “क्या आपत्तिजनक बयान देने की परिभाषा सिर्फ धर्म के आधार पर तय होती है? क्या सजा केवल मुसलमानों के लिए ही आरक्षित है?”

यह पोस्टर सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, इस पूरे मामले पर अभी तक प्रशासन या किसी राजनीतिक दल की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Also Read: Lucknow: आयकर अधिकारियों के विवाद में बड़ा एक्शन, असिस्टेंट कमिश्नर योगेंद्र मिश्रा…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.