UP में पोस्टर वॉर: ‘आई लव योगी’ के बाद अब ‘आई लव अखिलेश’, लखनऊ में सपा कार्यालय के बाहर लगा पोस्टर

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की सियासत इन दिनों पोस्टरों की जंग में उलझती दिख रही है। कानपुर से शुरू हुआ ‘आई लव मोहम्मद’ विवाद अब लखनऊ की सड़कों तक पहुंच गया है और इसका रूप पूरी तरह राजनीतिक हो चुका है।

पोस्टरों ने नया माहौल बना दिया

बीते शनिवार को राजधानी लखनऊ में भाजपा नेताओं ने ‘आई लव योगी आदित्यनाथ’ और ‘आई लव बुलडोजर’ जैसे पोस्टर लगवाए थे, जिनकी पूरे दिन चर्चा होती रही। इसके जवाब में रविवार सुबह से समाजवादी पार्टी (सपा) नेताओं द्वारा लगाए गए पोस्टरों ने नया माहौल बना दिया। इन होर्डिंग्स में बड़े अक्षरों में ‘आई लव अखिलेश यादव’ लिखा हुआ है। इसके अलावा ‘आई लव पीडीए’ और ‘आई लव शिक्षा, विकास, रोजगार’ जैसे नारे भी पोस्टरों पर दर्ज हैं।

जानकारी के मुताबिक, समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव विवेक सिंह यादव ने ये पोस्टर राजधानी की सड़कों और सपा कार्यालय के बाहर लगवाए हैं। खास बात यह है कि सपा कार्यालय के बाहर लगा यह पोस्टर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे भाजपा-सपा के बीच राजनीतिक कोल्ड वॉर माना जा रहा है।

अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया

बता दें कि 9 सितंबर को कानपुर में बारावफात जुलूस के दौरान लगे ‘आई लव मोहम्मद’ पोस्टर से विवाद शुरू हुआ था। इस पर हिंदू पक्ष की आपत्ति के बाद पुलिस ने पोस्टर हटवा दिए और 9 नामजद व 15 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद लखनऊ विधानसभा के पास मुस्लिम महिलाओं ने विरोध जताया।

एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने भी इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि ‘आई लव मोहम्मद’ कहना कोई अपराध नहीं है।

अब यह विवाद भाजपा और सपा के बीच पोस्टर पॉलिटिक्स के नए दौर में बदल चुका है।

Also Read: यौन उत्पीड़न के आरोपी स्वामी चैतन्यानंद आगरा से गिरफ्तार, छात्राओं से 16 साल तक शोषण का आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.