लखनऊ में लगे अखिलेश यादव माफी मांगों के पोस्टर, ब्रजेश पाठक और सपा के बीच तेज हुई जंग
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। लखनऊ की सड़कों पर सोमवार को कई जगहों पर “अखिलेश यादव माफ़ी मांगो” लिखे पोस्टर नजर आए, जिससे साफ हो गया कि समाजवादी पार्टी और प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के बीच तनाव अपने चरम पर है।
जानकारी के मुताबिक, ये पोस्टर कथित तौर पर ब्रजेश पाठक के समर्थकों द्वारा लगाए गए हैं, जिनमें सपा के आधिकारिक ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) हैंडल से उपमुख्यमंत्री के खिलाफ की गई टिप्पणी की निंदा की गई है। खासतौर पर लखनऊ के 1090 चौराहे जैसे व्यस्त इलाके में इन पोस्टरों की मौजूदगी से माहौल गर्म हो गया है।

इस विवाद की शुरुआत उस वक्त हुई जब ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव के एक जवाब का मज़ाक उड़ाते हुए उसे राजनीति विज्ञान की जगह होम साइंस से मिलती-जुलती थीसिस करार दिया। उन्होंने लिखा- अखिलेश यादव जी, आपने मेरे सवाल के जवाब में एक लंबी चौड़ी थीसिस पोस्ट कर दी। मेरी सलाह है कि ऐसी थीसिस पोस्ट करने से पहले खुद पढ़ लिया करें। आपने ध्यान नहीं दिया होगा और आदतन पढ़ा नहीं होगा, इसलिए गलती कर बैठे कि सवाल पॉलिटिकल साइंस का था और आपने उत्तर होम साइंस वाली कुंजी से दे दिया।

उन्होंने आगे कहा, मैं तो आपसे सिर्फ समाजवादी पार्टी के डीएनए के बारे में पूछ रहा था। अगर जवाब नहीं है, तो माफी मांग लीजिए। बार-बार गोल पोस्ट बदलने से आपकी बेचैनी और डर ही झलक रहा है। इसके जवाब में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन कार्यकर्ताओं को समझाया है जो उपमुख्यमंत्री की अति अशोभनीय टिप्पणी से आहत होकर आक्रोशित हो गए थे।
Also Read: लखनऊ के अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों के लिए LDA का फरमान, अब नहीं कर सकेंगे ये काम

