पटना में गुंडाराज के लगे पोस्टर, 8 हत्याओं का जिक्र कर कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्षी दल लगातार सरकार पर हमलावर हैं। इसी बीच, राजधानी पटना के कई प्रमुख चौक-चौराहों पर बिहार में गुंडाराज के पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें हाल ही में हुई आठ बड़ी हत्याओं का जिक्र किया गया है।
कौन है पोस्टर लगाने वाला
पटना के जेपी गोलंबर, इनकम टैक्स चौराहा, वीरचंद पटेल रोड और बोरिंग रोड चौराहा जैसे व्यस्त इलाकों में लगे इन पोस्टरों में यह नहीं बताया गया है कि इन्हें किसने लगाया है। हालांकि, इन पोस्टरों के केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की तस्वीरें हैं, और साथ में लिखा है, “बिहार में गुंडाराज, कारोबारियों पर कहर।”
8 हत्याकांडों का है जिक्र, मृतकों की तस्वीरें भी
पोस्टर के चारों ओर बिहार में हाल ही में हुए आठ हत्याकांडों का तारीखों के साथ जिक्र किया गया है, और मृतकों की तस्वीरें भी लगाई गई हैं। इनमें सबसे ऊपर मशहूर उद्योगपति गोपाल खेमका की तस्वीर है, जिनकी हत्या की तारीख भी लिखी हुई है। इसी तरह, इन पोस्टरों में व्यवसायी दीपक शाह, मार्ट के मालिक विक्रम झा, शिक्षक संतोष राय, और बालू कारोबारी रमाकांत यादव की हत्याओं का भी जिक्र है। इसके अलावा, कारोबारी पुट्टू खान और वकील जितेंद्र मेहता की हत्या का भी उल्लेख है, जिनकी 13 जुलाई को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
विपक्षी दल भी हमलावर
इन पोस्टरों के लगने के साथ ही, विपक्षी दलों ने भी कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरना तेज कर दिया है। कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरू ने मंगलवार को कहा कि बिहार में गुंडाराज चल रहा है। कांग्रेस नेता अल्लावरू ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा, बिहार देश का क्राइम कैपिटल बन गया है। यह तब से हुआ है, जब से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अस्वस्थ हुए हैं और बिहार की सरकार भाजपा चला रही है।
Also Read: भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों का बड़ा बाजार, टेस्ला की एंट्री से आएगा बड़ा बदलाव: CM देवेंद्र फडणवीस

