Agra News: डिप्टी सीएम केशव मौर्य की सभा में भाषण के बीच कटी बिजली, जनरेटर में भी नहीं था डीजल
Agra News: उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को आगरा के फतेहाबाद स्थित सती मंदिर पर एक चौपाल को संबोधित करने पहुंचे थे। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन जैसे ही डिप्टी सीएम मंच पर भाषण देने के लिए खड़े हुए, अचानक बिजली गुल हो गई। करीब 15 मिनट तक अफरा-तफरी का माहौल रहा और डिप्टी सीएम को चुपचाप बिजली आने का इंतजार करना पड़ा।
बिजली कटने के बाद जब अधिकारियों ने आनन-फानन में जनरेटर चलाने की कोशिश की, तो पता चला कि उसमें डीजल ही नहीं है। वीआईपी कार्यक्रम में इस तरह की भारी चूक देखकर केशव प्रसाद मौर्य का पारा चढ़ गया। मंच पर मौजूद अफसरों के हाथ-पांव फूल गए और वे इधर-उधर दौड़ते नजर आए।
मंच से ही अफसरों को दी सख्त हिदायत
करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद जब बिजली वापस आई, तो डिप्टी सीएम ने अपना भाषण शुरू किया। उन्होंने नाराजगी जताते हुए मंच से ही अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा, इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी इसके लिए जिम्मेदार है, उन पर सख्त कार्रवाई होगी।
इस हंगामे के बीच डिप्टी सीएम ने जीरामजी एक्ट (GRAM_G) की खूबियां गिनाईं। उन्होंने कहा, इस नए कानून से ग्रामीण विकास में भ्रष्टाचार के रास्ते पूरी तरह बंद हो जाएंगे। पीएम मोदी और शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में यह ऐतिहासिक कदम उठाया गया है, जिससे अब गांवों को भी शहरों की तर्ज पर स्मार्ट बनाया जाएगा। मतदाता सूची से नाम कटने के सवालों पर उन्होंने जनता से अपील की कि वे ‘फॉर्म-6’ भरकर अपना नाम दोबारा जुड़वाएं, इसके लिए एक महीने का समय है।

