यूपी में बिजली अभियंता आज काली पट्टी बांधकर करेंगे विरोध प्रदर्शन, ऊर्जा प्रबंधन पर उत्पीड़न का आरोप

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत परिषद अभियंता संघ के आह्वान पर प्रदेश भर के विद्युत अभियंता आज (गुरुवार, 20 नवंबर) काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। यह विरोध प्रदर्शन ऊर्जा प्रबंधन द्वारा अभियंताओं के कथित उत्पीड़न और अकारण कार्रवाई के खिलाफ किया जा रहा है।

उत्पीड़न के मुख्य आरोप

अभियंता संघ के महासचिव जितेंद्र सिंह गुर्जर ने आरोप लगाया कि ऊर्जा प्रबंधन लगातार अभियंताओं के खिलाफ उत्पीड़न की कार्रवाई कर रहा है। उत्पीड़न के उद्देश्य से कई कदम उठाए जा रहे हैं। अभियंताओं को अकारण चार्जशीट देकर उनकी प्रोन्नति रोकने की तैयारी की जा रही है।

‘परामर्श पत्र’ के नाम पर अभियंताओं के स्थायीकरण (Confirmation) आदेश तक रोक दिए गए हैं। अभियंताओं को बिना किसी नियम के चिह्नित कर, उत्पीड़न की दृष्टि से दूरस्थ स्थानों पर स्थानांतरित (Transfer) किया गया है। गुर्जर ने कहा कि उपरोक्त सभी उत्पीड़न की कार्रवाइयों से अभियंताओं में भारी रोष व्याप्त है।

प्रबंधन की हठधर्मिता

अभियंता संघ के अध्यक्ष संजय सिंह चौहान ने ऊर्जा प्रबंधन पर हठधर्मिता दिखाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अभी तक प्रबंधन द्वारा अभियंताओं के उत्पीड़न को समाप्त करने के लिए न तो कोई वार्ता की गई है और न ही कोई सार्थक कार्यवाही की गई है, जो प्रबंधन की तानाशाही को दर्शाता है।

Also Read: लखनऊ में 7 दिन बदला रहेगा ट्रैफिक: 23 से 29 नवंबर तक डायवर्जन लागू, इन मार्गों पर रहेगी पाबंदी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.