बलरामपुर में बिजली कटौती से भड़का गुस्सा, नाराज ग्रामीणों ने लाइनमैन को पेड़ से बांधा, आश्वासन पर मिली रिहाई
बलरामपुर: जिले में बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा नवरात्रि के दौरान इस कदर भड़क उठा कि उन्होंने बिजली विभाग के एक लाइनमैन और उसके सहयोगी को पेड़ से बांध दिया। घटना का 43 सेकंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आक्रोशित ग्रामीण बिजली संकट को लेकर सरकार के 24 घंटे आपूर्ति के दावों पर सवाल उठाते नजर आ रहे हैं।
लाइनमैन और सहयोगी को बनाया गया बंधक
यह घटना कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के दुर्गापुर गांव की है। लाइनमैन सदगुरु और उसका सहयोगी मनोज कश्यप किसी काम से गांव से गुजर रहे थे, तभी नाराज ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया और रस्सी से एक पेड़ से बाँध दिया। ग्रामीणों का गुस्सा इस बात पर था कि नवरात्रि पर्व के दौरान भी रोजाना रात करीब नौ बजे बिजली काट दी जाती थी। बार-बार बिजली ट्रिप होने के कारण पूरे इलाके में अंधेरा छाया रहता था।
ग्रामीणों का आरोप और अधिकारियों का आश्वासन
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लगातार शिकायतें करने के बावजूद विभागीय अधिकारी उनकी समस्या पर कोई ध्यान नहीं दे रहे थे, जिसके कारण उन्हें मजबूरी में यह कदम उठाना पड़ा। वायरल वीडियो में ग्रामीण स्पष्ट रूप से कहते सुनाई दे रहे हैं कि, “ये लोग ही बिजली काटते हैं, इन्हें छोड़ना ही नहीं है, पहले अधिकारी आएं तब इन्हें मुक्त करेंगे।”
इस घटना के बाद गांव में भारी तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने बंधक बनाए गए कर्मियों को तब मुक्त किया जब विभाग के उच्च अधिकारियों ने फोन पर उनसे बात की और जल्द समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।
रिपोर्ट : योगेंद्र त्रिपाठी
Also Read: त्योहारों से पहले एक्टिव मोड में कुशीनगर पुलिस, मंडलायुक्त ने दी सख्त चेतावनी

