ट्रंप प्रशासन में पावर स्ट्रगल उजागर, डिनर टेबल पर भिड़े दो बड़े अफसर
Sandesh Wahak Digital Desk: वाशिंगटन डीसी में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मौजूदगी में आयोजित एक डिनर पार्टी उस वक्त सुर्खियों में आ गई, जब दो बड़े अफसरों के बीच बहसबाजी मारपीट की धमकी तक पहुंच गई। घटना 4 सितंबर 2025 की है, जब Executive Branch Club में करीब 30 मेहमानों के बीच डिनर का आयोजन किया गया था।
बाहर चल, मुंह तोड़ दूंगा
रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेन्ट (Scott Bessent) और फेडरल हाउसिंग फाइनेंस एजेंसी के डायरेक्टर बिल पुल्टे (Bill Pulte) आपस में भिड़ गए। गवाहों का कहना है कि बेसेन्ट ने पुल्टे पर ट्रंप के सामने चुगली करने का आरोप लगाया और गाली-गलौज करते हुए कहा – “बाहर चल, मुंह तोड़ दूंगा।”
विवाद बढ़ता देख क्लब के सह-मालिक और फाइनेंसर ओमीद मलिक को बीच-बचाव करना पड़ा। दोनों अफसरों को अलग कर मेज के अलग-अलग छोर पर बैठाया गया ताकि माहौल और बिगड़े नहीं।
डिनर टेबल पर उस वक्त कई बड़े चेहरे मौजूद थे – ट्रांसपोर्टेशन सेक्रेटरी सीन डफी, कॉमर्स सेक्रेटरी हावर्ड लुटनिक, इंटीरियर सेक्रेटरी डग बर्गम और नेशनल इंटेलिजेंस डायरेक्टर तुलसी गबार्ड।
क्यों हुआ विवाद?
जानकारी के अनुसार, वित्त मंत्री बेसेन्ट का मानना है कि पुल्टे उन नीतिगत मामलों में दखल दे रहे हैं, जो सीधे उनके अधिकार क्षेत्र में आते हैं। वहीं पुल्टे खुद को राष्ट्रपति ट्रंप का भरोसेमंद सलाहकार साबित करने की कोशिश कर रहे हैं।
दरअसल यह पहला मौका नहीं है, जब बेसेन्ट किसी विवाद में घिरे हों। साल की शुरुआत में उनकी एलन मस्क से भी तीखी बहस हो चुकी है। हाल ही में वे यूएस ओपन में ट्रंप के साथ दिखे थे, लेकिन उन्हें राष्ट्रपति से कुछ सीट दूर बैठाया गया था।
गौरतलब है कि ट्रंप ने मई 2025 में घोषणा की थी कि स्कॉट बेसेन्ट, हावर्ड लुटनिक और बिल पुल्टे मिलकर आर्थिक नीतियों पर काम करेंगे। लेकिन अब यह टकराव साफ कर रहा है कि ट्रंप प्रशासन के भीतर खींचतान और पावर स्ट्रगल तेज हो गया है।
Also Read: काजल अग्रवाल ने अफवाहों पर दिया जवाब, कहा- मैं बिल्कुल जिंदा और सुरक्षित हूं

