रूस में आया 7.4 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, सुनामी का अलर्ट जारी
Sandesh Wahak Digital Desk: रूस के सुदूर कामचटका प्रायद्वीप में शुक्रवार को 7.4 तीव्रता का एक जोरदार भूकंप आया, जिसके बाद वहां के पूर्वी तट के लिए सुनामी का अलर्ट जारी किया गया है। रूसी जियोफिजिकल सर्वे के मुताबिक, भूकंप का केंद्र क्षेत्रीय राजधानी पेत्रोपावलोवस्क-कामचत्स्की से करीब 149 किलोमीटर दूर था। यह भूकंप शाम 6:58 बजे आया था और इसकी गहराई 39 किलोमीटर मापी गई है।
प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप से अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। कामचटका के गवर्नर व्लादिमीर सोलोदोव ने टेलीग्राम पर पोस्ट कर बताया कि सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है और सभी निवासियों को इसकी सूचना दी जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि सभी आपातकालीन सेवाओं को हाई अलर्ट पर रखा गया है और अधिकारी भूकंप के तुरंत बाद से ही आवासीय भवनों और सार्वजनिक सुविधाओं का निरीक्षण कर रहे हैं।
आफ्टरशॉक का भी खतरा
सोलोदोव ने एक अपडेटेड पोस्ट में बताया कि हाइड्रोमेट्रोलॉजिकल अधिकारियों का अनुमान है कि तटीय क्षेत्रों में 1.5 मीटर तक ऊंची लहरें आ सकती हैं। हालांकि, घनी आबादी वाले पेत्रोपावलोवस्क क्षेत्र में लहरों की ऊंचाई 0.1 मीटर से कम रहने की उम्मीद है। स्थानीय जियोफिजिकल सर्वे के अनुसार, भूकंप के बाद कई आफ्टरशॉक भी महसूस किए गए, जिनमें से कम से कम 10 झटकों की तीव्रता 5 या उससे अधिक थी। आपको बता दें कि पिछले दो महीनों में इस दूरस्थ क्षेत्र में कई शक्तिशाली भूकंप आ चुके हैं, जिनमें 8.8 तीव्रता का एक और 7.4 तीव्रता के दो भूकंप शामिल हैं।
Also Read: Lucknow Land Scam Case: अपर्णा यादव की मां समेत LDA के 5 तत्कालीन कर्मियों पर केस दर्ज

