प्रयागराज से पकड़ा गया 50 हजार का इनामी बदमाश प्रदीप राय, 4 साल से था फरार
Sandesh Wahak Digital Desk: यूपी एसटीएफ को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गाजीपुर जिले के चर्चित हत्या के मामले में चार साल से फरार चल रहे 50 हजार के इनामी शातिर अपराधी प्रदीप राय उर्फ अंकित राय को प्रयागराज रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गाजीपुर के नंदगंज थाना क्षेत्र के इमीलिया गांव का रहने वाला है।
मुखबिर की सटीक सूचना से हुई गिरफ्तारी
वाराणसी एसटीएफ यूनिट को सूचना मिली थी कि फरार अपराधी प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर आने वाला है। इसके बाद इंस्पेक्टर पुनीत परिहार के नेतृत्व में टीम ने मौके पर जाल बिछाया और स्टेशन पर ही आरोपी को दबोच लिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि साल 2021 में प्रदीप का अपने ही गांव के चंद्रबली यादव से जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। 15 फरवरी, 2021 को प्रदीप ने अपने परिजनों के साथ मिलकर चंद्रबली पर खेत से लौटते वक्त हमला कर दिया और गोली मार दी। चंद्रबली की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस मामले में आईपीसी की धारा 302, 307 और 34 के तहत केस दर्ज हुआ था।
दिल्ली-गुरुग्राम में छिपा बैठा था आरोपी
हत्या के बाद प्रदीप फरार हो गया और दिल्ली व गुरुग्राम जैसे बड़े शहरों में नाम बदलकर रहने लगा। हाल ही में वह प्रयागराज किसी निजी काम से आया था, जहां एसटीएफ ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अब आरोपी को गाजीपुर की नंदगंज पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है, और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

