Varanasi News: दो मंजिला मकान से गिरकर प्रधान प्रतिनिधि की मौत
Varanasi News: वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के रामचन्दीपुर नखवां गांव में शुक्रवार की सुबह एक ऐसी घटना घटी की ग्रामीणों की रुह कांप गई। ग्राम प्रधान विभा देवी के जेठ और प्रधान प्रतिनिधि गोपाल चौधरी (40) की दो मंजिला मकान की छत से गिरकर मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना के बाद परिजनों ने बताया कि गोपाल चौधरी गुरुवार की रात को छत पर सो रहे थे। भोर में लगभग 4 बजे जब वह पेशाब करने के लिए उठे, तो बारिश के कारण छत पर बनी काई से उनका पैर फिसल गया। संतुलन बिगड़ने से वह सीधे नीचे गिर पड़े। इस हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लगी और काफी खून बह गया। घटना के तुरंत बाद, परिजन उन्हें आनन-फानन में पास के एक निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गोपाल की अचानक हुई मौत से उनके परिवार में मातम छा गया है। परिजन और ग्रामीण सदमे में हैं। गोपाल चौधरी अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी, एक पांच साल का बेटा और दो बेटियां हैं। कई साल तक विदेश में फोरमैन की नौकरी करने के बाद वह गांव लौटे थे। यहां उन्होंने अपने छोटे भाई प्रमोद निषाद की पत्नी विभा देवी को ग्राम प्रधान का चुनाव लड़ाया, जिसमें उन्हें जीत मिली। तब से गोपाल प्रधान प्रतिनिधि के रूप में गांव की सेवा में सक्रिय थे।
क्या कहते हैं ग्रामीण
ग्रामीणों का कहना है कि उनकी मौत गांव और समाज के लिए एक बड़ी क्षति है। एक प्रधान प्रतिनिधि के रूप में उन्होंने गांव जो विकास का खाका खींचा था वह काबिले तारीफ है।
रिपोर्ट: मदन मुरारी पाठक
Also Read: छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों से मुठभेड़ में 1 करोड़ के इनामी नक्सली समेत 10 ढेर

