अजीत अगरकर की जगह प्रज्ञान ओझा बने अंतरिम चीफ सेलेक्टर, न्यूजीलैंड दौरे के लिए चुनेंगे टीम
Sports News: भारतीय क्रिकेट में चीफ सेलेक्टर के पद पर बदलाव हो गया है। अजीत अगरकर के कार्यकाल के अंत के बीच पूर्व भारतीय स्पिनर प्रज्ञान ओझा को अंतरिम चीफ सेलेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ओझा फिलहाल चार सदस्यीय चयन समिति की कमान संभालेंगे और न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम के चयन में अहम भूमिका निभाएंगे।
टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने मंगलवार को गुवाहाटी में चयन समिति के सदस्यों के साथ बैठक की।
इसमें शिव सुंदर दास, अजय रात्रा, आरपी सिंह और प्रज्ञान ओझा शामिल थे। अजीत अगरकर बैठक में मौजूद नहीं थे।
सबसे वरिष्ठ सदस्य होने के नाते ओझा ने बैठक की अध्यक्षता की।
न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत की टेस्ट, वनडे और टी20 टीम के साथ इंडिया ए टीम के चयन पर भी चर्चा होनी है।
न्यूजीलैंड दौरा 22 अक्टूबर से शुरू होगा और इसमें तीनों फॉर्मेट की सीरीज खेली जाएगी।
अगरकर का कार्यकाल 4 अक्टूबर को खत्म होगा
अजीत अगरकर जुलाई 2023 में भारतीय पुरुष टीम के मुख्य चयनकर्ता बने थे। उनका मौजूदा कार्यकाल 4 अक्टूबर को खत्म हो रहा है।
इससे पहले रिपोर्टों में प्रज्ञान ओझा और पार्थिव पटेल के नाम नए चीफ सेलेक्टर के संभावित दावेदारों के तौर पर सामने आए थे।

अब ओझा को अंतरिम जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके स्थायी रूप से पद संभालने की संभावना की भी चर्चा है। हालांकि, BCCI की ओर से स्थायी नियुक्ति को लेकर अंतिम घोषणा अभी नहीं हुई है।
भारत के लिए 24 टेस्ट खेल चुके हैं ओझा
40 वर्षीय प्रज्ञान ओझा ने भारत के लिए 24 टेस्ट में 113 विकेट लिए हैं। इसके अलावा उन्होंने 18 वनडे में 21 विकेट और 6 टी20 इंटरनेशनल में 10 विकेट हासिल किए।
2013 में सचिन तेंदुलकर के विदाई टेस्ट में ओझा प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे और उन्होंने उस मुकाबले में कुल 10 विकेट लिए थे।

