Pratapgarh News: बंद पड़े कॉलेज से 47 लाख के अवैध पटाखे बरामद, प्रिंसिपल समेत 4 गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: दीपावली से पहले अवैध पटाखों के निर्माण और भंडारण पर रोक लगाने के लिए प्रतापगढ़ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को जिले के पट्टी-आमापुर मार्ग पर स्थित एक बंद पड़े सुखराज सिंह महिला महाविद्यालय में छापेमारी कर तहसील प्रशासन और पुलिस ने ₹47 लाख रुपये के अवैध पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने इस दौरान कॉलेज के प्रिंसिपल समेत पटाखों के कारोबार में शामिल चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

बंद कमरे में चल रहा था अवैध धंधा

एसपी दीपक भूकर ने बताया कि सटीक सूचना मिलने पर एसडीएम पूर्णेंद्र मिश्र, सीओ मनोज रघुवंशी और संबंधित थानों की पुलिस फोर्स ने सपहाछात गाँव स्थित महिला महाविद्यालय में छापा मारा। कॉलेज के एक कमरे में अवैध रूप से पटाखे डंप भी थे और बनाए भी जा रहे थे। मौके से सुतली बम, मिर्ची बम, रॉकेट जैसे तैयार पटाखों के साथ-साथ कच्चा बारूद भी मिला है। पुलिस ने किसी भी बड़े हादसे को टालने के लिए बरामद पटाखों और बारूद पर पानी डलवाकर उन्हें निष्क्रिय करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्रिंसिपल समेत चार गिरफ्तार

जांच में पता चला कि कॉलेज का वह कमरा पिछले एक साल से पट्टी की मदीना बेगम ने रहने के लिए लिया था, लेकिन उनका बेटा सलमान सिद्दीकी वहां अवैध रूप से पटाखे बनाने और भंडारण का काम देख रहा था। लाइसेंस मदीना बेगम के नाम पर था।

इस मामले में पुलिस ने निम्नलिखित चार लोगों को गिरफ्तार किया है:

  • आद्या प्रसाद सिंह (कॉलेज प्रिंसिपल)
  • मदीना बेगम (पटाखा कारोबारी)
  • सलमान सिद्दीकी (मदीना का बेटा)
  • सैफ (मदीना का दूसरा बेटा)

एसपी ने चेतावनी दी है कि अवैध पटाखों का निर्माण और बिक्री कानूनन दंडनीय अपराध है और ऐसी किसी भी गतिविधि पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, क्योंकि यह कार्य लोगों की जान जोखिम में डालता है।

Also Read: राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि केस की सुनवाई टली, अगली तारीख 17 अक्टूबर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.