Pratapgarh News: खनवारी नहर में डूबीं तीनों बच्चियों के शव 48 घंटे बाद मिले, गांव में पसरा सन्नाटा

Pratapgarh News: प्रतापगढ़ जनपद के डडिया गांव के लिए इस बार की होली गहरे जख्म दे गई। खनवारी नहर में डूबी तीन मासूम बच्चियों के शव आज 48 घंटे बाद लरु गांव के पास नहर में उतराते हुए पाए गए। एसडीआरएफ (SDRF) और स्थानीय पुलिस की टीमें पिछले तीन दिनों से दिन-रात रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी थीं, लेकिन सफलता आज हाथ लगी।

रंग छुड़ाने गई थीं, गहरे पानी ने ली जान

घटना होली के दिन की है, जब डडिया गांव की ये बच्चियां शरीर पर लगा रंग छुड़ाने के लिए पास की खनवारी नहर में नहाने गई थीं। नहाने के दौरान पैर फिसलने या अंदाजा न मिल पाने के कारण तीनों गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं। घटना की सूचना मिलते ही संग्रामगढ़ थाना प्रभारी और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

विधायक विनोद सरोज ने बंधाया ढांढस

शव मिलने की सूचना पर बाबागंज विधायक विनोद सरोज तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। विधायक ने मौके से ही प्रतापगढ़ के जिलाधिकारी (DM) से फोन पर वार्ता की और संवेदनशीलता दिखाते हुए आग्रह किया कि तीनों बच्चियों के शवों का पोस्टमार्टम जल्द से जल्द कराया जाए, ताकि परिजन अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कर सकें।

गांव में मातम, प्रशासन ने ली राहत की सांस

पिछले 3 दिनों से पूरे गांव में चूल्हा तक नहीं जला है और हर आंख नम है। जनसत्ता दल के कार्यकर्ता भी रेस्क्यू टीम के साथ लगातार मौके पर डटे रहे। शवों के मिल जाने के बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली है, लेकिन बच्चियों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

रिपोर्ट: विनोद मिश्रा

 

Also Read: Lucknow News: सपा में शामिल हुए पूर्व DIG राम शरत राम, अखिलेश बोले– जब जाएंगे भाजपाई, तभी घटेगी महंगाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.