Pratapgarh News: दशहरे पर राजा भइया का शस्त्र पूजन विवादों में, 300 हथियारों के प्रदर्शन पर जांच की मांग
Pratapgarh News: उत्तर प्रदेश के कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भइया एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह है उनका दशहरे के दिन 300 से अधिक हथियारों के साथ किया गया शस्त्र पूजन, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। मामला अब कानूनी जांच के घेरे में आ गया है।
दरअसल, राजा भइया इन दिनों पारिवारिक विवाद को लेकर पहले से ही चर्चा में हैं। उनकी पत्नी भानवी सिंह और बेटी राघवी कुमारी दोनों ने ही उनके खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। कुछ दिन पहले भानवी सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर राजा भइया के हथियारों की तस्वीरें साझा की थीं, जिसके बाद यह विवाद और गहराता चला गया।
बेंती महल में शस्त्र पूजन, 300 से ज्यादा हथियारों का प्रदर्शन
दशहरे के अवसर पर राजा भइया ने हर साल की तरह इस बार भी अपने बेंती महल में पारंपरिक शस्त्र पूजन किया। इस दौरान उन्होंने करीब 300 से अधिक देशी और विदेशी हथियारों — पिस्टल, रिवॉल्वर, राइफल, 12 बोर गन और थर्टी कार्बाइन — को एक साथ सजाकर पूजा की।
शस्त्र पूजन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई।
अमिताभ ठाकुर ने उठाए सवाल, डीजीपी को लिखा पत्र
पूर्व आईपीएस अधिकारी और आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने इस पूरे मामले पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने यूपी के डीजीपी राजीव कृष्ण को पत्र लिखकर शस्त्र नियमों के उल्लंघन की जांच कराने की मांग की है।
अमिताभ ठाकुर का कहना है कि वायरल वीडियो में एक ही स्थान पर सैकड़ों शस्त्रों का प्रदर्शन किया गया है, जो आर्म्स एक्ट 1959 और आर्म्स रूल 1962 के उल्लंघन के दायरे में आता है। उन्होंने इस मामले में नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
इस विवाद पर कुंडा विधायक राजा भइया ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “सभी हथियार मेरे ही हैं, क्योंकि जो मेरे समर्थकों का है, वह मेरा ही है।” उन्होंने इसे अपनी पारंपरिक और धार्मिक परंपरा का हिस्सा बताया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन वायरल वीडियो और तस्वीरों की जांच में जुट गए हैं। वहीं, विपक्षी दल इस पूरे प्रकरण को लेकर सरकार और पुलिस पर सवाल उठा रहे हैं।
Also Read: Meerut News: एफिडेविट पर गवाही देने की खौफनाक सजा, 16 साल के युवक की गोली मारकर हत्या

