Pratapgarh News: कोर्ट परिसर में हंगामा, पेशी पर आए कैदी के साथ मारपीट का आरोप

Pratapgarh News : प्रतापगढ़ के जिला न्यायालय परिसर में मंगलवार को उस समय हंगामा मच गया, जब पेशी पर लाए गए एक कैदी के साथ मारपीट का आरोप सामने आया। कैदी के सिर पर चोट लगने के बाद उसके परिजन आक्रोशित हो गए और कोर्ट परिसर में विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पेशी के बाद लॉकअप में हुई घटना

मिली जानकारी के मुताबिक, करीब दस वर्षों से जिला जेल में बंद कैदी मोहम्मद हलीम को मंगलवार को पेशी के लिए अदालत लाया गया था। सुनवाई के बाद उसे न्यायालय परिसर के लॉकअप में रखा गया। इसी दौरान उसके साथ मारपीट होने का आरोप लगाया गया।

बताया जा रहा है कि कैदी के माथे के पास चोट लगी थी और उसके चेहरे से खून बह रहा था। जब परिजनों ने उसे घायल हालत में देखा तो वे नाराज हो गए और विरोध शुरू कर दिया।

परिजनों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की

हंगामे के दौरान परिजनों और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत कैदी को भीड़ से निकालकर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा।

जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद कैदी को दोबारा पुलिस अभिरक्षा में लेकर जिला कारागार भेज दिया गया।

घटना के बाद कुछ देर तक कोर्ट परिसर में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

रिपोर्ट : विनोद मिश्रा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.