प्रतीक-अपर्णा के तलाक की खबरों पर लगा ब्रेक, प्रतीक यादव ने पत्नी संग फोटो शेयर कर लिखी ये बात
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े सियासी घराने यानी मुलायम सिंह यादव के परिवार से जुड़ी एक सुखद खबर सामने आई है। प्रतीक यादव और उनकी पत्नी अपर्णा यादव, जिनके बीच पिछले कुछ दिनों से तलाक और भारी विवाद की चर्चाएं गर्म थीं, अब फिर से साथ आ गए हैं। प्रतीक यादव ने खुद सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा कर इन तमाम अफवाहों को खारिज कर दिया है।
‘हम एक चैंपियन परिवार हैं’
प्रतीक यादव ने इंस्टाग्राम पर अपर्णा के साथ अपनी एक फोटो पोस्ट करते हुए लिखा, “ऑल इज गुड” (सब कुछ ठीक है)। उन्होंने अपनी पोस्ट में एक प्रेरणादायक संदेश देते हुए लिखा कि असली चैंपियन वही होते हैं जो अपनी निजी और पेशेवर समस्याओं को सुलझा लेते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा, “हम लोग एक चैंपियन परिवार हैं।”
विवाद की क्या थी वजह?
बता दें कि कुछ दिन पहले प्रतीक यादव की एक कथित पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी, जिसमें उन्होंने अपर्णा पर ‘घर तोड़ने’ का आरोप लगाया था और उन्हें ‘स्वार्थी’ बताया था। उस वक्त इन खबरों ने जोर पकड़ लिया था कि दोनों के बीच रिश्ता खत्म होने की कगार पर है और वे तलाक ले सकते हैं। लेकिन नई पोस्ट ने उन सभी दावों को झुठला दिया है।
‘कभी कुछ गड़बड़ था ही नहीं’
इस पूरे मामले पर अपर्णा यादव के भाई अमन बिष्ट ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि प्रतीक और अपर्णा के बीच कभी कुछ गलत हुआ ही नहीं था। अमन ने आरोप लगाया कि कुछ लोग साजिश के तहत इस रिश्ते में मनमुटाव लाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उनकी यह चाल नाकाम रही। अब इस पोस्ट के बाद समर्थकों और करीबियों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि यादव परिवार की यह छोटी बहू (अपर्णा) और प्रतीक हमेशा से ही एक मजबूत कपल के रूप में देखे जाते रहे हैं।
Also Read: Siddharthnagar News: सीएम योगी ने 1052 करोड़ रुपये की 229 परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास

