प्रयागराज हादसा: मृतकों के परिजनों को मिलेंगे 4-4 लाख, PM और CM ने किया आर्थिक मदद का एलान

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रयागराज के फाफामऊ में हुए भीषण कोल्ड स्टोरेज हादसे का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा संज्ञान लिया है। मलबे में दबकर जान गंवाने वाले मजदूरों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दोनों सरकारों ने बड़ी आर्थिक सहायता की घोषणा की है। इस दुखद घड़ी में सरकार ने पीड़ितों को हर संभव मदद का भरोसा दिया है।

प्रधानमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख की मदद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। हादसे में घायल हुए प्रत्येक व्यक्ति को 50,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बड़ा एलान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन को राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की ओर से सहायता की घोषणा करते हुए कहा मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे। (केंद्र और राज्य की सहायता मिलाकर परिजनों को कुल 4 लाख रुपये मिलेंगे)।

सीएम ने साफ कहा कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन को सुनिश्चित करने को कहा गया है कि सभी घायलों का उपचार सरकारी खर्च पर बेहतरीन ढंग से हो।

“सरकार पीड़ित परिवारों के साथ”

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार पूरी तरह से उनके साथ खड़ी है। उन्होंने स्थानीय अधिकारियों को मौके पर रहकर रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी करने और प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

Also Read: Lucknow News: क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में लगातार छठी बार बने एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश चंद्र पांडेय

Get real time updates directly on you device, subscribe now.