Prayagraj News: माघी पूर्णिमा पर ADG कानून-व्यवस्था अमिताभ यश का दौरा, भीड़ और यातायात प्रबंधन का लिया जायजा

Sandesh Wahak Digital Desk: माघी पूर्णिमा के पावन अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) उत्तर प्रदेश अमिताभ यश ने 31 जनवरी एवं 1 फरवरी 2026 को प्रयागराज में कैम्प करते हुए माघ मेला क्षेत्र का व्यापक भ्रमण एवं निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था का स्थलीय जायजा लिया।

अपर पुलिस महानिदेशक ने पान्टून पुल संख्या-01 से संगम नोज तक पैदल भ्रमण कर श्रद्धालुओं की आवाजाही और व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

इसके बाद बोट के माध्यम से जलमार्ग से त्रिवेणी संगम घाट, अरैल घाट, झूसी घाट और किला घाट सहित प्रमुख घाटों का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) का निरीक्षण कर तकनीकी निगरानी और समन्वय प्रणाली की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान श्री अमिताभ यश ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

मेला क्षेत्र के निकासी मार्गों को हर स्थिति में निर्बाध रखा जाए ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

उन्होंने किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

इसके अलावा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा, साइबर जागरूकता, खोया-पाया केंद्रों और सूचना तंत्र को और अधिक सुदृढ़ व प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें कर्तव्यनिष्ठा, शालीन व्यवहार और पूर्ण सतर्कता के साथ अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया।

Also Read: Lucknow News: गांजा तस्करों के सिंडिकेट का भंडाफोड़, गैंग के दो सदस्य गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.