प्रयागराज में एंटी करप्शन टीम का बड़ा एक्शन, 87,500 रुपये की रिश्वत लेते नगर पालिका का बाबू गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: सरकारी महकमों में बैठे भ्रष्ट कर्मचारियों पर नकेल कसते हुए भ्रष्टाचार निवारण संगठन (प्रयागराज इकाई) ने शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। टीम ने नगर पालिका परिषद बेल्हा (प्रतापगढ़) के एक लिपिक (बाबू) को भारी-भरकम रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला?
भदोही के रहने वाले शिकायतकर्ता प्रवीण रामपाल सिंह (जो वर्तमान में झूंसी, प्रयागराज में रहते हैं) को कुछ सरकारी कार्य आवंटित हुए थे। आरोप है कि नगर पालिका परिषद बेल्हा प्रतापगढ़ में तैनात लिपिक प्रशांत सिंह इन आवंटित कार्यों को शुरू कराने के लिए ‘साइट’ दिखाने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था। काम के बदले पैसे मांगे जाने से परेशान होकर प्रवीण ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से कर दी।
टीम ने बिछाया जाल, रिश्वत लेते धरा गया आरोपी
शिकायत की पुष्टि होने के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन की निरीक्षक श्रीमती अंजली यादव के नेतृत्व में एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया। शुक्रवार को जैसे ही लिपिक प्रशांत सिंह ने शिकायतकर्ता से 87,500 रुपये की अवैध धनराशि ली, टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। पकड़ा गया आरोपी लिपिक प्रशांत सिंह, स्वर्गीय जंग बहादुर का पुत्र है और प्रतापगढ़ के कोतवाली नगर क्षेत्र का रहने वाला है।
भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार
पुलिस महानिदेशक (भ्रष्टाचार निवारण संगठन) श्री राजीव कृष्ण के निर्देशों पर हुई इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्यवाही कर रही है। प्रशासन ने एक बार फिर स्पष्ट संदेश दिया है कि सरकारी कार्यों में ईमानदारी से समझौता करने वाले किसी भी कर्मचारी या अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।
Also Read: KGMU ‘लव जिहाद’ कांड: 50 हजार का इनामी डॉक्टर रमीज लखनऊ से गिरफ्तार

