प्रयागराज में आसमानी कहर: बिजली गिरने से एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रयागराज जिले के यमुनानगर इलाके में शनिवार देर रात एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ, जब आसमान से गिरी बिजली ने एक ही परिवार के चार सदस्यों की जान ले ली। बारा तहसील के सोनबरसा गांव के हल्लाबोल मजरा में हुई इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतकों की पहचान 35 वर्षीय वीरेंद्र बनवासी, उनकी पत्नी 32 वर्षीय पार्वती, तीन साल की बेटी राधा और दो साल की बेटी करिश्मा के रूप में हुई है। परिवार शनिवार रात अपने कच्चे घर (मढ़ई) में एक ही छप्पर के नीचे दो चारपाइयों पर सो रहा था। इसी दौरान तेज हवा और बारिश के साथ अचानक जोरदार बिजली गिरी, जिससे चारों की मौके पर ही मौत हो गई। बिजली गिरने से मढ़ई भी पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
दो बेटियों की बची जान, लेकिन उजड़ गया परिवार
वीरेंद्र की दो अन्य बेटियां सोनकुमारी और आंचल उस रात अपने दादा के साथ दूसरे घर में सो रही थीं, जिससे उनकी जान बच गई। सुबह जब आसपास के लोगों ने जली हुई मढ़ई देखी तो मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। इस भयावह दृश्य को देखकर गांव में मातम पसर गया।
रविवार सुबह सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। साथ ही प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन भी दिया गया है।
इस हादसे ने न केवल एक परिवार को उजाड़ दिया, बल्कि दो मासूम बच्चियों को अनाथ कर दिया। ग्रामीणों और रिश्तेदारों की आंखों में आंसू थे, वहीं सोनकुमारी और आंचल अपनी मां-बाप और बहनों को खोकर बेसुध हैं।
Also Read: Meerut : 25 हजार का इनामी बदमाश वसीम मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पुलिस फायरिंग में घायल

