Prayagraj: शिक्षा निदेशालय में भीषण आग, 5000 से ज्यादा फाइलें जलकर राख, फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रयागराज स्थित शिक्षा निदेशालय की बिल्डिंग में रविवार को अचानक भीषण आग लग गई, जिससे एडेड विद्यालयों की पंजीकरण और मान्यता से संबंधित पांच हजार से अधिक महत्वपूर्ण फाइलें जलकर राख हो गईं। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना निदेशालय के लेखा अनुभाग के कक्ष संख्या 14, 15 और 16 में हुई, जहां ये दस्तावेज सुरक्षित रखे गए थे।
आग लगने से शिक्षा विभाग में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आग लगने के पीछे किसी भी साजिश से इनकार नहीं किया जा सकता।
शिक्षा निदेशालय के अनुसार, जली हुई फाइलों में प्रदेश के कई एडेड विद्यालयों के पंजीकरण, मान्यता, अनुदान और नियुक्तियों से जुड़ी अहम जानकारी मौजूद थी। इन दस्तावेजों का डिजिटल बैकअप मौजूद है या नहीं, इस पर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
Also Read: मन की बात में पहलगाम अटैक का जिक्र, PM मोदी बोले- पीड़ितों को जरूर मिलेगा न्याय

