Prayagraj News: 25 सितंबर से हल्के वाहनों के लिए खुलेगा फाफामऊ पुल, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
Prayagraj News: प्रयागराज से लखनऊ जाने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। फाफामऊ चंद्रशेखर आज़ाद सेतु (फाफामऊ पुल) को मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद 25 सितंबर से कार और हल्के वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। फिलहाल पुल पर केवल दोपहिया वाहनों की आवाजाही हो रही थी।
10 सितंबर 2025 से पुल की मरम्मत के लिए 15 दिन तक यातायात प्रतिबंधित किया गया था, जिसकी अवधि 24 सितंबर को पूरी हो रही है। इस दौरान पुल के क्षतिग्रस्त बॉल बेयरिंग और ज्वाइंटर को दुरुस्त कर लिया गया है।
भारी वाहनों को 30 सितंबर से अनुमति
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार, 20 सितंबर को पुल पर कंक्रीट डाला गया था और इसे पर्याप्त मजबूती प्राप्त करने में 7 से 10 दिन लगेंगे। ऐसे में 30 सितंबर के बाद बसों और ट्रकों जैसे भारी वाहनों को पुल पर चलने की अनुमति दी जाएगी।
यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
मरम्मत के चलते यात्रियों को डाइवर्जन मार्ग से होकर शहर पहुंचना पड़ रहा था, जिससे समय और पैसे दोनों का नुकसान हो रहा था। पुल खुलने के बाद यात्रियों को सीधा रास्ता मिलने से काफी सहूलियत होगी। अधिकारियों ने साफ किया है कि भविष्य में पुल पर मानक से अधिक भार वाले ओवरलोड वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, क्योंकि पुल को इसके लिए डिजाइन नहीं किया गया है।
फाफामऊ पुल का संचालन शुरू होने से प्रयागराज और लखनऊ के बीच यातायात एक बार फिर सुगम हो जाएगा।
Also Read: गोरखपुर एयरपोर्ट का नाम बदलकर होगा महायोगी गुरु गोरखनाथ हवाई अड्डा, लगेगी प्रतिमा

